पंजाब कांग्रेस में हलचल, चन्नी के घर जुटे 20 विधायक
पंजाब कांग्रेस में शुक्रवार को सियासी हलचल तेज हो गई। पार्टी द्वारा अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष पद पर बरकरार रखने के फैसले के बाद 20 से अधिक मौजूदा और पूर्व विधायक पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के समर्थन में रूपनगर जिले के मोरिंडा स्थित उनके आवास पर पहुंचे।
बैठक में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, मौजूदा विधायक और पूर्व विधायक शामिल हुए। नेताओं ने राजा वड़िंग को प्रदेश अध्यक्ष बनाए रखने और चन्नी को यह जिम्मेदारी नहीं देने के फैसले पर नाराजगी जताई।
बैठक के बाद नेताओं ने कहा कि आगे की रणनीति और पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी मांगें रखने का फैसला चरणजीत सिंह चन्नी पर छोड़ दिया गया है। उनका कहना था कि यह किसी बगावत की बैठक नहीं, बल्कि कांग्रेस नेताओं की बैठक थी।
नेताओं ने यह भी कहा कि हाल ही में घोषित पार्टी नियुक्तियां कार्यकर्ताओं की भावनाओं के अनुरूप नहीं हैं। इसलिए चन्नी से पार्टी नेतृत्व के समक्ष दोबारा अपनी बात रखने और ऐसा निर्णय कराने का आग्रह किया गया है, जिसे सभी कांग्रेस नेता स्वीकार कर सकें।
इस बीच, पंजाब कांग्रेस के नव नियुक्त कार्यकारी अध्यक्ष संगत सिंह गिलजियां ने भी पार्टी नेतृत्व द्वारा जारी नियुक्तियों की सूची पर असहमति जताई।
