चंडीगढ़ में महिला कांस्टेबल को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चालक फरार
चंडीगढ़ में ड्रंकन ड्राइव जांच के लिए लगाए गए नाके के दौरान एक तेज रफ्तार कार ने महिला ट्रैफिक कांस्टेबल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। घायल कांस्टेबल को सेक्टर-16 स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
घायल महिला कांस्टेबल की पहचान मोनिका के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि रात में ड्यूटी समाप्त होने के बाद बैरिकेड हटाने का काम चल रहा था। इसी दौरान वह सड़क पार कर रही थीं, तभी सेक्टर-22/23 की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में उनके दोनों हाथों और पीठ में चोटें आईं।
घटना के तुरंत बाद साथी पुलिसकर्मी उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई। मौके का निरीक्षण कर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
जांच में पता चला कि हादसे में शामिल कार पंजाब नंबर की थी और उसका पंजीकरण लुधियाना का है। पुलिस ने वाहन और चालक की पहचान कर ली है तथा चालक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
