अंबेडकर प्रतिमा बेअदबी पर पंजाब में बढ़ा आक्रोश, लुधियाना-जालंधर के बाद आज अमृतसर में प्रदर्शन

0

लुधियाना में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से बेअदबी का मामला: लुधियाना-जालंधर के बाद आज अमृतसर में प्रदर्शन

नई दिल्ली, 11 सितंबर (विश्व वार्ता): लुधियाना में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के मामले को लेकर आज शुक्रवार को अमृतसर में भंडारी पुल को तीन घंटे के लिए जाम किया जाएगा। इस संबंध में गुरुवार को केंद्रीय वाल्मीकि मंदिर में विभिन्न संगठनों की आपात बैठक हुई। बैठक में फैसला लिया गया कि सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक भंडारी पुल पर यातायात रोककर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। हालांकि, संगठनों ने अमृतसर बंद का आह्वान वापस ले लिया है।

संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि लगातार बंद के कारण व्यापारियों को काफी नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए शुक्रवार को अमृतसर में पूर्ण बंद नहीं किया जाएगा। इसके बावजूद भंडारी पुल पर विरोध प्रदर्शन और चक्का जाम किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान पंजाब सरकार के पुतले फूंककर बाबा साहेब के अपमान के मामले पर रोष जताया जाएगा।

इससे पहले लुधियाना में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा से बेअदबी के विरोध में दलित समुदाय ने बुधवार (9 सितंबर) को साढ़े पांच घंटे तक दिल्ली-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया था। प्रदर्शनकारियों ने सुबह 10 बजे लुधियाना के जालंधर बाईपास चौराहे के पास हाईवे जाम किया था। इससे अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला, अंबाला, करनाल और पानीपत जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

इसके बाद 10 सितंबर को दलित समुदाय ने जालंधर बंद का आह्वान किया था और जालंधर के साथ होशियारपुर भी बंद रहा। 10 सितंबर को जालंधर और होशियारपुर में बाजार और कारोबार सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक पूरी तरह बंद रहे। हालांकि, परीक्षा और मरीजों की सुविधा को देखते हुए स्कूल, कॉलेज और मेडिकल स्टोर जैसी आवश्यक सेवाओं को बंद से छूट दी गई थी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *