पीएम मोदी ने SPG काफिले को आधा करने का दिया निर्देश, कई सीएम एक्शन में आए
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री ने अपनी सुरक्षा के लिए तैनात विशेष सुरक्षा बल (SPG) को अपने काफिले में वाहनों की संख्या 50% तक कम करने का निर्देश दिया है। इसके अलावा, उन्होंने अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या बढ़ाने की इच्छा जताई है, लेकिन अतिरिक्त खर्च से बचने के लिए नए वाहन खरीदने से मना किया है। एसपीजी ने निर्देश का पालन करना शुरू कर दिया है, साथ ही यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि ब्लू बुक में निर्धारित अनिवार्य सुरक्षा दिशानिर्देशों से कोई समझौता न हो। अब कयास हैं कि सरकारी विभागों के खर्चों पर भी कैंची चलेगी।
सूत्रों ने बताया कि दिल्ली से बाहर प्रधानमंत्री की हालिया यात्राओं के दौरान काफिले का आकार छोटा दिखाई दिया और एसपीजी इस पहले कदम को आगे बढ़ाते हुए ब्लू बुक में बताए गए सख्त नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के तरीके खोजेगी।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री के हालिया घरेलू दौरों में उनके काफिले का आकार कम कर दिया गया था। एसपीजी प्रोटोकॉल के अनुसार आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए यह कटौती की गई। हैदराबाद में उनके भाषण के तुरंत बाद गुजरात और असम में मोदी के काफिले का आकार घटा दिया गया। सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने नए वाहन खरीदे बिना, जहां संभव हो, अपने काफिले में इलेक्ट्रिक वाहनों को शामिल करने का भी निर्देश दिया।
पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के बीच पीएम मोदी ने रविवार को हैदराबाद में तेलंगाना भाजपा द्वारा आयोजित एक रैली को संबोधित करते हुए मितव्ययिता पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने, शहरों में मेट्रो रेल सेवाओं का उपयोग करने, कारपूलिंग करने, इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक उपयोग करने, पार्सल परिवहन के लिए रेलवे सेवाओं का उपयोग करने और घर से काम करने का सुझाव दिया।
भाजपा के मुख्यमंत्रियों ने भी प्रधानमंत्री मोदी के मितव्ययिता आह्वान का अनुसरण किया। दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने भी इसे लेकर अहम निर्णय लिए हैं।
विभागीय कामकाज हेतु वाहनों की संख्या सीमित करने का निर्णय लिया है
सभी कैबिनेट मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि, दिल्ली सरकार के अधिकारी एवं सभी विभाग से आह्वान, आवश्यकता के अनुरूप न्यूनतम वाहनों का उपयोग करें
कारपूल और सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिता दें
वहीं, दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा ने कहा है कि मैं सार्वजनिक परिवहन या आवश्यकता पड़ने पर केवल एक सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल करूंगा। प्रधानमंत्री @narendramodi जी के आह्वान पर दिल्ली की CM @gupta_rekha जी व सभी मंत्रियों ने संकल्प के साथ पालन शुरू किया। मैं सार्वजनिक परिवहन या आवश्यकता पड़ने पर केवल एक सरकारी गाड़ी का इस्तेमाल करूंगा। आज सुबह दिल्ली मेट्रो का सफर।
प्रधानमंत्री द्वारा सुझाए गए मितव्ययिता उपायों के बाद, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी अगले आदेश तक अपने काफिले में वाहनों की संख्या कम कर दी है। एक अधिकारी ने बताया कि मंत्रिमंडल की बैठक में यादव ने मंत्रिपरिषद के सदस्यों से राष्ट्रीय हित में पेट्रोल और डीजल की खपत कम करने की अपील की और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग का समर्थन किया।
अगले आदेश तक लागू रहने वाले मितव्ययिता उपायों के तहत, मुख्यमंत्री के काफिले में पहले के 13 वाहनों के बजाय केवल 8 वाहन होंगे। अधिकारी ने बताया कि उनकी यात्राओं के दौरान कोई वाहन रैली आयोजित नहीं की जाएगी। सभी मंत्री अपनी यात्राओं के दौरान कम से कम वाहनों का उपयोग करेंगे। अधिकारी ने बताया कि नव नियुक्त निगम और बोर्ड के अधिकारियों को सादगी से पदभार ग्रहण करने और वाहन रैलियों का आयोजन न करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
