फायरिंग से लोगों में दहशत: मोहाली के जीरकपुर में सबसे व्यस्त VIP रोड पर दो गुट भिड़े
जीरकपुर: शहर के व्यस्त वीआईपी रोड स्थित केसरी प्लाजा के बाहर मंगलवार को दो गुटों में झगड़ा हुआ। इसी दौरान फायरिंग से लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक स्तर पर अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि गोली किसने चलाई। पुलिस घटनास्थल और उसके आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाकर पूरे घटनाक्रम का पता लगाने का प्रयास कर रही है। फायरिंग के पीछे आपसी विवाद था या कोई अन्य कारण, जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान करने और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है।
यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय केसरी प्लाजा में कौन-कौन मौजूद था और गोली चलने से पहले वहां किसी तरह का विवाद हुआ था या नहीं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों के बारे में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
