पंचकूला हिट एंड रन केस: महिलाओं-बच्चों को कुचलने वाला चालक गिरफ्तार, गाड़ी बदलकर बचने की कोशिश नाकाम

0

पंचकूला के एमडीसी क्षेत्र में रोड भवन के पास हाल ही में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पंचकूला पुलिस की डिटेक्टिव स्टाफ टीम ने आरोपी चालक को काबू कर उसके कब्जे से उस बोलेरो गाड़ी को भी बरामद कर लिया है, जिससे उसने सात लोगों को कुचला था. इस दुखद घटना में एक महिला की मौत हो गई, जबकि बच्चे सहित कई लोग घायल हुए थे.

हादसे के बाद बेचने के लिए गाड़ी की बॉडी बदली: पुलिस की मानें तो आरोपी ने न केवल लापरवाही से गाड़ी चलाकर आम लोगों को जोरदार टक्कर मारी, बल्कि पुलिस को चकमा देने के लिए अपनी गाड़ी के टूटे हिस्सों को बदलकर सबूत मिटाने की कोशिश भी की. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दुर्घटना में शामिल सफेद रंग की बोलेरो गाड़ी बरामद कर लिया है.

पैदल जाते समय आरोपी ने रौंदा: पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते 1 मई की रात करीब 9:35 बजे रोशनी नाम की युवती अपने परिवार और पड़ोसियों के साथ मनसा देवी मार्केट से लौट रही थी. इस बीच जब वे सभी रोड भवन के पास सड़क पर चल रहे थे, उसी दौरान पीछे से आई तेज रफ्तार सफेद बोलेरो के चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. जोरदार तरीके से लगी टक्कर में रोशनी, उसकी मां मीना, शिवानी, हितेंद्र, धनवंती और अर्चना नामक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि हादसे को अंजाम देकर आरोपी चालक मौके से फरार हो गया. हादसे की सूचना पर पुलिस ने घायलों को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से मीना की नाजुक हालत को देख उन्हें सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया. लेकिन वहां उपचार के दौरान मीना की मौत हो गई.

आरोपी का खुलासा: इस पूरे मामले में डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि, ” डिटेक्टिव स्टाफ ने सीसीटीवी फुटेज और गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाया. फिर 2 मई को आरोपी राम दत्त निवासी उत्तर प्रदेश हाल किराएदार महेशपुर, पंचकूला को चंडीगढ़ स्थित मनीमाजरा की मोटर मार्केट से काबू किया गया. इसके बाद उसे मनसा देवी थाना टीम को सौंप दिया गया है. आरोपी ने पूछताछ में कबूला कि दुर्घटना के बाद पकड़े जाने के डर से उसने बोलेरो गाड़ी का फ्रंट बंपर, जाली और नंबर प्लेट बदलवा दी थी, ताकि पुलिस उसे पहचान न सके. आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 106, 281 238 सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया है.”

पुलिस कमिश्नर बोले- “सख्त सजा दिलवाएंगे”: वहीं, पंचकूला पुलिस कमिश्नर (एडीजीपी) शिवास कविराज ने कहा कि, “सड़क पर लापरवाही से वाहन चलाना और किसी की जान जोखिम में डालना एक गंभीर अपराध है. आरोपी ने बच्चों और महिलाओं को टक्कर मारने के साथ सबूतों से भी छेड़छाड़ की है. पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए न्यायालय में ठोस पैरवी सुनिश्चित करेंगे. साथ ही यह सुनिश्चित करेंगे कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा मिले.”

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *