‘CM पद के लिए 500 करोड़ का सूटकेस’ वाले बयान पर नवजोत कौर सिद्धू का यूटर्न, अब क्या कहा?

0

कांग्रेस नेता नवजोत कौर सिद्धू ने ‘‘मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपये’’ वाले बयान पर राजनीतिक विवाद खड़े होने के बाद यू-टर्न ले लिया। नवजोत कौर ने सफाई देते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर रविवार शाम लिखा, ‘‘मैं हैरान हूं कि मेरे सीधे बयान को किस तरह तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। मैंने सिर्फ इतना कहा था कि कांग्रेस पार्टी ने हमसे कभी कुछ नहीं मांगा। जब मुझसे पूछा गया कि नवजोत किसी दूसरी पार्टी से मुख्यमंत्री पद का चेहरा बन सकते हैं या नहीं, तो मैंने कहा कि हमारे पास मुख्यमंत्री पद के वास्ते किसी को देने के लिए कोई पैसा नहीं है।’’

बता दें कि कांग्रेस की पंजाब इकाई के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर सिद्धू ने शनिवार को कहा था कि ‘‘जो 500 करोड़ रुपये का सूटकेस देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।’’ पत्रकारों के साथ बातचीत में उन्होंने कहा था कि अगर कांग्रेस उन्हें पंजाब में पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित करती है तो उनके पति सक्रिय राजनीति में लौट आएंगे। पंजाब में 2027 में चुनाव होने हैं। उन्होंने साथ ही कहा कि उनके पास किसी भी पार्टी को देने के लिए पैसा नहीं है लेकिन वे पंजाब को एक ‘‘स्वर्णिम राज्य’’’ बना सकते हैं।

राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात के बाद उन्होंने कहा, ‘‘हम हमेशा पंजाब और पंजाबियत की बात करते हैं लेकिन हमारे पास सीएम की कुर्सी पर बैठने के लिए 500 करोड़ रुपये देने को नहीं हैं।’’ किसी की ओर से पैसों की मांग किए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसी ने नहीं मांगे हैं लेकिन ‘‘जो 500 करोड़ रुपये का ‘सूटकेस’ देता है, वही मुख्यमंत्री बन जाता है।’’

उनके इस बयान ने पंजाब की राजनीति में हलचल मचा दी। बीजेपी और आम आदमी पार्टी (AAP) ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दावा किया कि इससे कांग्रेस की कार्यप्रणाली का ‘‘घिनौना सच’’ सामने आ गया है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *