हरियाणा में आज से फिर एक्टिव हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बरसात का अलर्ट

0

हरियाणा में आज से एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है. आईएमडी चंडीगढ़ के अनुसार 28 और 29 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 और 31 जुलाई को भी प्रदेश के कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. इसके साथ ही कई इलाकों में गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है.

इन जिलों में ज्यादा असर: सोमवार को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जैसे उत्तरी जिलों में कहीं-कहीं अच्छी बारिश होने की संभावना है. वहीं महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, मेवात, पलवल, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं. मौसम विभाग का कहना है कि 28 और 29 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश जिलों में बारिश का दायरा और अधिक बढ़ जाएगा तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा दर्ज की जा सकती है.

पिछले दो से तीन दिनों से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश नहीं होने और तेज धूप निकलने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था. बढ़ी हुई नमी और गर्म मौसम के कारण लोगों का जनजीवन प्रभावित रहा. हालांकि मौसम विभाग का मानना है कि सोमवार शाम से मौसम बदलने के साथ तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.

भिवानी सबसे गर्म रहा: हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान रविवार को में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस भिवानी के बोपानिया केंद्र में रिकॉर्ड किया गया. वहीं महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य के आसपास दर्ज किया गया. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी बारिश के बाद तापमान में और कमी देखने को मिल सकती है.

अब तक सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश: आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 25 जुलाई तक हरियाणा में 132.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 175.4 मिलीमीटर होनी चाहिए थी. यानी प्रदेश में अब तक सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश हुई है. फिलहाल केवल छह जिलों में सामान्य या सामान्य के आसपास वर्षा दर्ज हुई है, जबकि 16 जिलों में बारिश का आंकड़ा सामान्य से नीचे बना हुआ है. मौसम विभाग को उम्मीद है कि अगले चार दिनों की अच्छी बारिश से वर्षा की कमी कुछ हद तक कम हो सकती है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *