नेपाल में चमत्कार: 11वें दिन मलबे से सुरक्षित निकाली गईं 2 जिंदगियां
नेपाल में 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ के 11वें दिन भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। इस बीच, आज (शनिवार को) मलबे में फंसी दो जिंदगियों को बचाया गया। इसमें एक महिला और दूसरे चीनी नागरिक को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन का वीडियो भी सामने आया है।
बता दें कि नेपाल के नुवाकोट जिले में बाढ़ में फंसी एक महिला को 11वें दिन सुरक्षित बाहर निकाला गया। सशस्त्र पुलिस बल की टीम ने आज नुवाकोट जिले के विदुर वेत्रावती स्थित एक घर से महिला का रेस्क्यू किया।
सशस्त्र पुलिस बल के मुताबिक, रेस्क्यू की गई महिला की पहचान वेत्रावती निवासी 64 वर्षीय चण्डिका श्रेष्ठ के रूप में हुई है। उन्हें उनके ही घर की चौथी मंजिल से सुरक्षित बाहर निकाला गया। महिला की खराब हालत को देखते हुए उन्हें हेलीकॉप्टर के जरिए इलाज के लिए काठमांडू लाया जा रहा है।
जान लें कि बाढ़ से प्रभावित अपर त्रिशूली-1 (216 मेगावाट) जलविद्युत परियोजना की एडिट-4 सुरंग से शनिवार दोपहर एक चीनी नागरिक को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। नेपाल के प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, नेपाली सेना और दक्षिण कोरिया की आपदा विशेषज्ञ टीम ने कुछ समय पहले सुरंग के अंदर से उनका रेस्क्यू किया।
