पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम का बड़ा बदलाव, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी

0

पंजाब और चंडीगढ़ में भीषण गर्मी से पिछले कुछ दिनों से राहत जरूर मिली है, लेकिन मौसम का यह बदला हुआ मिजाज अभी पूरी तरह स्थिर नहीं है. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 4 जून तक राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना बनी रहेगी. इसी वजह से आज 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

बारिश के कारण तापमान में करीब 4.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 7.6 डिग्री कम है. हालांकि, मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि यह राहत ज्यादा लंबे समय तक नहीं रहेगी और 6 जून के बाद तापमान फिर से बढ़ सकता है.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिलेगा. कहीं बादल रहेंगे तो कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ भी मौसम को प्रभावित करेगा, जिससे कुछ इलाकों में ठंडक और गर्मी दोनों का असर बना रहेगा.

विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि इस बार कमजोर मानसून की आशंका बढ़ रही है. अगर बारिश कम होती है, तो इसका सीधा असर खेती पर पड़ेगा और भूजल पर निर्भरता बढ़ जाएगी.

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार इस साल पंजाब में सामान्य से कम बारिश हो सकती है. इससे धान की खेती के लिए सिंचाई पर ज्यादा दबाव पड़ेगा और बिजली की मांग बढ़कर करीब 18,000 मेगावाट तक पहुंच सकती है. सरकार इस स्थिति से निपटने के लिए DSR (Direct Seeded Rice) तकनीक को बढ़ावा दे रही है, जिससे पानी, बिजली और मजदूरी की बचत हो सके.

आज के मौसम को लेकर पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा जिलों के कुछ इलाकों में गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने की संभावना है. पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर और तरनतारन के साथ-साथ आसपास के इलाकों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जिससे फिलहाल गर्मी से थोड़ी राहत बनी रहेगी.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *