हरियाणा : वीडियो बना रहे युवक पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी का थप्पड़, जलते ट्रक के बीच सड़क पर हंगामा

0

हरियाणा के गुरुग्राम में सड़क किनारे जल रहे ट्रक का वीडियो बना रहे एक युवक को ट्रैफिक पुलिसकर्मी द्वारा थप्पड़ मारने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हलचल मच गई है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरीदाबाद निवासी विशाल, जो CCTV इंस्टॉलेशन और रिपेयरिंग का काम करता है, ने आरोप लगाया कि ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने उसे वीडियो बनाने से रोका, थप्पड़ मारा और आग बुझाने के लिए पानी की बाल्टी लाने को कहा।

विशाल के मुताबिक, वह मंगलवार दोपहर काम के सिलसिले में गुरुग्राम आया था। करीब 3 बजे वह घाटा इलाके से गुजर रहा था, तभी उसने सड़क किनारे एक ट्रक में आग लगी देखी। विशाल ने बताया, ‘आग देखकर मैंने बाइक रोकी और मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। तभी ड्यूटी पर मौजूद एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी मेरे पास आया और मुझे थप्पड़ मार दिया।’ उसने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने पूछा कि वह वीडियो क्यों बना रहा है और फिर आग बुझाने के लिए पानी की बाल्टी लाने को कहा।

विशाल ने कहा, ‘मैंने पूरी घटना अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली और बाद में इंसाफ की मांग करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया।’ हालांकि, आरोपों में घिरे ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने युवक को थप्पड़ मारने से इनकार किया है। उसका कहना है कि उसने केवल युवक से मदद मांगी थी। इस बीच, उसी पुलिसकर्मी का एक और वीडियो सामने आया है जिसमें वह जलते हुए ट्रक पर चढ़कर आग बुझाने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए एसीपी ट्रैफिक सतपाल सिंह ने कहा कि घटना की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर