हरियाणा के पर्वतारोही लाल नरेंद्र कुमार ने रचा इतिहास, यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर फहराया तिरंगा।

हरियाणा के लाल हिसार जिले के नलवा हलके के गांव मिंगनी खेड़ा के बेटे पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने दुनिया की सबसे दुर्गम और यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर आज यानी शनिवार की सुबह 5:30 बजे अपनी चढ़ाई पूरी करके भारतीय तिरंगा फहराया है। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने अपनी इस उपलब्धि से हरियाणा ही नहीं ब्लकि पूरे देशवासियों को गौरवान्वित किया है। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने दुनिया की सबसे दुर्गम और यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस जिसकी चढ़ाई 5,642 मीटर है, पर तिरंगा झंडा फहराने के साहसी अभियान की शुरुआत 07 जुलाई 2025 को शुरू किया और अपनी इस माउंटेनियरिंग को 12 जुलाई 2025 को सुबह 05:30 बजे तिरंगा फहराकर एक नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है।
पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने अपने इस अभियान को 06 दिन में पूरा किया, जिसमें उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार ने अपनी माउंटेनियरिंग की यात्रा 2019 में अटल बिहारी इंस्टीट्यूट, मनाली से बेसिक कोर्स से शुरू की थी, और इसे 2021 में हिमालयन माउंटेनियरिंग इंस्टीट्यूट, दार्जिलिंग में एडवांस कोर्स से आगे बढ़ाया। पर्वतारोही नरेंद्र कुमार के पिता, सुभाष चंद्र, जो एक्साइज एंड टैक्सेशन ऑफिसर के पद से रिटायर हैं, ने हमेशा उनका समर्थन किया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पर्वतारोही नरेंद्र कुमार की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि, “हरियाणा के लाल नरेंद्र कुमार ने यूरोप की सबसे ऊंची चोटी माउंट एल्ब्रुस पर तिरंगा फहराकर देश को गौरवान्वित किया है। हरियाणा के इस लाल को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं। आगे ऐसे ही सफलता की नई ऊंचाइयों पर चढ़ते रहें।” इसके अलावा हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, पर्यटन मंत्री अरविंद शर्मा, पीडब्ल्यूडी मिनिस्टर रणवीर सिंह गंगवा सहित तमाम बड़ी हस्तियों ने बधाई दी।