हरियाणा: INLD ने घोषित किए मेयर पद के उम्मीदवार, सोनीपत व पंचकूला के लिए इन चेहरों पर खेला दांव

0

इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय चौटाला ने चंडीगढ़ स्थित इनेलो मुख्यालय पर प्रेस वार्ता कर इनेलो के मेयर उम्मीदवारों की घोषणा की। एडवोकेट आंनद खत्री को सोनीपत और मनोज अग्रवाल को पंचकुला नगर निगम चुनाव के लिए मेयर पद का उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं अंबाला से मेयर उम्मीदवार का नाम आज शाम तक घोषित किया जाएगा।

अभय चौटाला ने कहा कि गेहूं खरीद के मुद्दे पर हमने अपने कार्यकर्ताओं की मंडियों में ड्यूटी लगाई थी और किसान कष्ट निवारण केंद्र खोले ताकी किसानों को कोई समस्या न आए। हमने सरकार से कहा था कि बायोमेट्रिक सत्यापन की शर्त ना लगाई जाए, लेकिन सरकार ने बायोमेट्रिक सत्यापन करवाना अनिवार्य कर दिया। इससे किसानों को बहुत परेशानी आई। किसानों की गेहूं का उठान नहीं हो रहा था और किसानों के खाते में पैसे नहीं आ रहे थे। सरकार की कोशिश तो यही थी कि कि किसानों की गेहूं अंबानी और अडानी के साईलोस में जाए और वह कमियां निकाल कर फसल को कम कीमत पर खरीदें। लेकिन हमने इस लड़ाई को लड़ा जिससे सरकार दबाव में आई उसके बाद अब मंडियों में गेहूं खरीद की जा रही है।

विशेष सत्र बुलाए जाने पर पूछे गए सवाल पर अभय सिंह चौटाला ने कहा कि मुख्यमंत्री ने एक विशेष सत्र बुलाया है जिसमें महिला बिल को लेकर निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। मुख्यमंत्री के पास महिला आरक्षण बिल पर निंदा प्रस्ताव लाने का समय है। लेकिन किसानों के लिए नहीं। अगर निंदा प्रस्ताव लाना ही था तो सरकार की कमियां और खामियों के बारे में लाना चाहिए था। किसानों को जो दिक्कतें आई है। उसके लिए कहा जाना था कि आगे से इस किसानों को ऐसी समस्याएं नहीं आएगी। जो बिल लोकसभा में गिर गया उसकी चर्चा यहां पर करने का क्या मतलब है। भाजपा सरकार महिला आरक्षण बिल पर राजनीति कर रही थी। जिसमें वह सफल नहीं हुए। इसको लेकर मैं पूरे विपक्ष को बधाई देता हूं कि उन्होंने भाजपा की मंशा को पूरा नहीं होने दिया।

वहीं बीबीएमबी को लेकर कहा कि जब हमारा अधिकारी वहां नहीं होगा तो हमारी पैरवी कौन करेगा। सरकार को इस बारे में चर्चा करनी चाहिए। पंजाब में भाजपा का कोई वजूद नहीं है। मुख्यमंत्री को हरियाणा में कोई नहीं बुलाता तो वो पंजाब चले जाते हैं। वहीं प्रेस वार्ता में इनेलो के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष आरएस चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ. सतबीर सैनी, पंचकुला जिलाध्यक्ष सितेंद्र टोनी, पंचकुला शहरी प्रधान मनोज अग्रवाल, सीमा चौधरी और पार्टी सचिव नछत्तर सिंह मलहान मौजूद रहे।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *