Haryana BJP: 27 जिलों में भाजपा के सेनापति तैयार, 4 महिलाओं को भी मिली जिम्मेदारी; देखें जिलाध्यक्षों की पूरी लिस्ट

0
 हरियाणा में भाजपा (Haryana BJP) ने सभी 27 जिला प्रधानों की नियुक्तियां करते हुए 15 जिलों में अध्यक्ष बदल दिए हैं। संगठनात्मक दृष्टि गठित किए गए पांच नए जिलों में पहली बार जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं, जबकि सात जिलों में पुराने जिलाध्यक्षों पर पार्टी ने भरोसा जताया है।
लोकसभा, विधानसभा और शहरी निकाय चुनाव में निवर्तमान जिलाध्यक्षों की भूमिका को ध्यान में रखते हुए अधिकतर जिलाध्यक्ष बदले गए हैं। कुछ जिलाध्यक्षों की आयु अधिक हो चुकी थी तो कुछ को प्रदेश कमेटी में समायोजित किया जाना है। 27 जिलाध्यक्षों में चार महिलाओं को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
हरियाणा भाजपा की चुनाव अधिकारी डॉ. अर्चना गुप्ता ने नए जिलाध्यक्षों की सूची जारी की। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से नए जिलाध्यक्षों के नामों की मंजूरी प्राप्त की।
पूरे राज्य में रविवार को जिलाध्यक्षों के नामांकन की प्रक्रिया शुरू की गई थी। 27 जिलों में जिलाध्यक्षों के लिए 800 से ज्यादा पार्टी कार्यकर्ताओं ने आवेदन किए थे।
संगठनात्मक दृष्टि से भाजपा ने हांसी, गोहाना, बल्लभगढ़, पटौदी और डबवाली नये जिले बनाए हैं, जहां पार्टी ने पहली बार जिलाध्यक्ष नियुक्त किए हैं।
नए जिलाध्यक्षों में महिलाओं के साथ ब्राह्मण, ओबीसी, जाट, जट सिख, डीएससी और पंजाबी समेत सभी जातियों को प्रतिनिधित्व देने का दावा किया गया है। वैश्य समाज का सिर्फ एक जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा ने सात जिलों यमुनानगर, पानीपत, जींद, रोहतक, रेवाड़ी, अंबाला और हांसी में पुराने जिलाध्यक्षों को फिर से संगठन का दायित्व सौंपा है। बाकी बचे 15 जिलों में नये जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। 

झज्जर के निवर्तमान जिलाध्यक्ष रामपाल जांगड़ा की आयु 60 साल के आसपास थी, जिन्हें बदलकर विकास वाल्मीकि को नया जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
हिसार के जिलाध्यक्ष रहे अशोक सैनी को नवगठित जिले हांसी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। सिरसा में पहले शीशपाल कांबोज जिलाध्यक्ष थे, जिन्हें बदलकर यतींद्र सिंह एडवोकेट को जिम्मेदारी सौंपी गई है। भिवानी में मुकेश गौड़ के स्थान पर वीरेंद्र कौशिक को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। 

करनाल में निवर्तमान जिलाध्यक्ष योगेंद्र राणा के स्थान पर प्रवीण लाठर को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया है। फतेहाबाद में बलदेव ग्रोहा के स्थान पर प्रवीण जोड़ा, चरखी दादरी में डॉ. किरण कलकल के स्थान पर इंजीनियर सुनील, कुरुक्षेत्र में सुशील राणा के स्थान पर तेंजेंद्र गोल्डी को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। 

21 मार्च को पीएम से मिलेंगे हरियाणा के नवनिर्वाचित मेयर व प्रधान

हरियाणा के नवनिर्वाचित नगर निगम महापौर, नगर परिषद एवं नगर पालिका चेयरमैन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। पंचकूला स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में भाजपा की ओर से आयोजित नवनिर्वाचित महापौरों एवं प्रधानों के स्वागत समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम सब पार्टी के पुराने कार्यकर्ता हैं और पार्टी ने विश्वास करके हमें यह जिम्मेदारी दी है। 

नायब सिंह सैनी बताया कि देश के प्रधानमंत्री ने 21 मार्च को नगर निगम के मेयरों, नगर परिषद एवं नगर पालिका के अध्यक्षों को मुलाकात के लिए बुलाया है। उन्होंने कहा कि जिस कैटेगिरी को बुलाया है, केवल वही जाएंगे। हंसते हुए नायब सैनी ने कहा कि मेयर पति नहीं चलेगा, केवल मेयर ही मुलाकात करने जाएंगे। 

जिलों में यह होंगे भाजपा के नए सेनापति

जिला अध्यक्ष का नाम
पंचकूला अजय मित्तल
अंबाला मनदीप राणा
यमुनानगर राजेश सपरा
कुरुक्षेत्र सरदार तेजेंद्र गोल्डी
कैथल ज्योति सैनी
करनाल प्रवीण लाठर
पानीपत दुष्यंत भट्ट
सोनीपत अशोक भारद्वाज
गोहाना बिजेंद्र मलिक
जींद तेजेंद्र ढुल
रोहतक रणबीर ढाका
झज्जर विकास वाल्मीकि
डबवाली रेणु शर्मा
सिरसा यतींद्र सिंह एडवोकेट
हांसी अशोक सैनी
हिसार आशा खेदड़
फतेहाबाद प्रवीण जोड़ा
भिवानी वीरेंद्र कौशिक
दादरी इंजीनियर सुनील
रेवाड़ी वंदना पोपली
महेंद्रगढ़ यतेंद्र राव
गुरुग्राम सर्वप्रिय त्यागी
पटौदी अजीत यादव
नूंह सुरेंद्र सिंह पिंटू
पलवल विपिल बैसला
बल्लभढ़ सोहन पाल सिंह
फरीदाबाद पंकज पूजन रामपाल

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *