उत्तराखंड के नैनीताल में कार खाई में गिरने से 5 लोगों की मौत

0

उत्तराखंड के नैनीताल के भवाली क्षेत्र में सेनेटोरियम-रातीघाट बाईपास रोड, भवाली स्थित ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। नैनीताल पुलिस के अनुसार, इस हादसे में कार में सवार 5 लोगों की मौत हो गई। हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस, एसएसबी, एसडीआरएफ और स्थानीय लोगों द्वारा संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर शवों को खाई से निकाल कर सड़क तक पहुंचाया गया। खबर लिखे जाने तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।

गुरुवार दोपहर 2:15 बजे के आसपास भवाली सेनेटोरियम-रातीघाट बाईपास रोड, भवाली स्थित ढैला गांव से पहले एक कार 100 मीटर गहरी खाई में गिर गई। खाई में गिरने के दौरान कार एक पेड़ से टकराकर रुक गई। हादसे की सूचना जब लोगों को मिली तो वह दुर्घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पुलिस को भी हादसे की सूचना दी। जिसके बाद पुलिस, एसएसबी और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और रस्सियों के सहारे खाई में उतरकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बचाव कर्मियों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकलना शुरू किया। पुलिस के अनुसार, हादसे में मरने वालों में दो महिलाएं, दो पुरुष और एक बच्चा शामिल है।

हादसे में मरने वाले एक ही परिवार के हैं और उधम सिंह नगर के खटीमा के निवासी हैं। भूपेंद्र सिंह चुफाल (48), सीमा कैड़ा चुफाल (45) पत्नी भूपेंद्र सिंह चुफाल, वासु चुफाल (19) पुत्र भूपेंद्र सिंह चुफाल, रवी (12) पुत्री भूपेंद्र सिंह चुफाल खटीमा के निवासी हैं, जबकि चालक अनुज कुमार मिश्रा (34) पुत्र दया सागर मिश्रा निवासी अफसर नगर, एलपीजी गोदाम, आलम नगर, लखनऊ है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *