चंडीगढ़ से कैथल के लिए शाम की CTU बस सेवा शुरू, यात्रियों को मिली राहत

0

चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) ने यात्रियों को बड़ी राहत देते हुए मंगलवार से चंडीगढ़–कैथल शाम की बस सेवा दोबारा शुरू कर दी। रूट नंबर-73 की बस अब प्रतिदिन शाम 4:46 बजे चंडीगढ़ से कैथल के लिए रवाना होगी। सेवा शुरू होने के पहले ही दिन यात्रियों ने इसका स्वागत किया।
यह बस सेवा विशेष रूप से कैथल जाने वाले विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों और नियमित यात्रियों के लिए लाभदायक साबित होगी, जिन्हें लंबे समय से शाम के समय सीधी बस सेवा का इंतजार था।

CTU ने 14 जुलाई से कई अन्य इंटरस्टेट बस सेवाएं भी बहाल की हैं। इनमें चंडीगढ़–पठानकोट (होशियारपुर मार्ग), चंडीगढ़–ज्वालाजी (देहरा मार्ग), चंडीगढ़–शिमला (सोलन मार्ग) की दो सेवाएं, चंडीगढ़–सोनीपत तथा चंडीगढ़–बटाला (जालंधर मार्ग) शामिल हैं। इन सेवाओं के शुरू होने से हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के विभिन्न शहरों के बीच सार्वजनिक परिवहन की सुविधा और बेहतर हो गई है।
CTU प्रबंधन ने संबंधित डिपो, आईएसबीटी-17, आईएसबीटी-43, कंप्यूटर सेल और अन्य शाखाओं को सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे, जिसके बाद मंगलवार से सभी निर्धारित सेवाओं का संचालन शुरू कर दिया गया।

इस अवसर पर CTU यूनियन के प्रधान आजाद सिंह ने बस सेवा बहाल होने पर CTU प्रबंधन और चंडीगढ़ प्रशासन का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यात्रियों और कर्मचारियों की ओर से इस सेवा को दोबारा शुरू करने की मांग की जा रही थी। अब इसके शुरू होने से हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *