उत्तराखंड के दो जिलों में कांपी धरती, उत्तरकाशी में 4.2 और टिहरी गढ़वाल में 2.0 तीव्रता का आया भूकंप

0

उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में प्राकृतिक आपदाओं के बीच सोमवार देर रात भूकंप के झटकों ने लोगों की नींद उड़ा दी। राज्य के दो सीमावर्ती जिलों उत्तरकाशी और टिहरी गढ़वाल में देर रात भूगर्भीय हलचल दर्ज की गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र और राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, उत्तरकाशी जिले में देर रात करीब 1:21 बजे 4.2 तीव्रता का भूकंप का झटका महसूस किया गया।

झटके इतने तेज थे कि उत्तरकाशी की यमुना घाटी और गंगा घाटी समेत आसपास के कई ग्रामीण इलाकों में सो रहे लोग घबराकर तुरंत अपने घरों से बाहर खुले मैदान में निकल आए।

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार, उत्तरकाशी में आए भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 4.2 मापी गई। इस भूकंप का केंद्र उत्तरकाशी जिले की बडकोट तहसील मुख्यालय के समीप राजगढ़ी क्षेत्र के आसपास स्थित था, जिसकी भूगर्भीय गहराई जमीन की सतह से लगभग 10 किलोमीटर नीचे दर्ज की गई।

वहीं, इसके कुछ ही समय बाद तड़के टिहरी गढ़वाल जिले के कीर्तिनगर और घनसाली क्षेत्रों में भी 2.0 तीव्रता का हल्का भूकंप महसूस किया गया, जिसकी गहराई भू-सतह से करीब 5 किलोमीटर नीचे पाई गई।

​देर रात आए तेज झटके के कारण उत्तरकाशी और आसपास के गांवों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग काफी देर तक घरों के बाहर डरे-सहमे खड़े रहे और फोन कर दूर-दराज के क्षेत्रों में मौजूद अपने परिजनों और पड़ोसियों का हालचाल पूछते रहे। हालांकि, जिला प्रशासन और राज्य आपदा प्रबंधन टीम की ओर से राहत की खबर सामने आई है।

दोनों जिलों के आपदा प्रबंधन तंत्र द्वारा सभी तहसीलों और पुलिस थानों से ली गई प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, इस भूकंप के कारण किसी भी प्रकार के जान-माल या अवसंरचनात्मक नुकसान की कोई खबर नहीं है।

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *