मुख्यमंत्री भगवंत मान वीरवार सुबह करीब 6:30 बजे अपने पैतृक गांव सतौज पहुंचे। इस दाैरान मुख्यमंत्री पर बन रही एक डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग भी की गई। मुख्यमंत्री के साथ उनकी माता, बहन और अन्य परिजन भी मौजूद रहे।
गांव पहुंचते ही मुख्यमंत्री मान सबसे पहले अपने पुराने घर गए। इसके बाद वे गांव के खेल मैदान और धर्मशाला पहुंचे। मान ने गांव के धार्मिक डेरे में हाजिरी लगवाई और ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक हुए। सीएम ने अपने इस दौरे की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि आज सतौज गुरुद्वारा साहिब में माथा टेककर मुझे बहुत सुकून मिला। लोगों का प्यार और सम्मान मेरी जिम्मेदारी और बढ़ा देता है। हम लोगों के काम के लिए हमेशा तैयार रहते हैं।
सीएम पर बन रही डॉक्यूमेंट्री में उनके बचपन, उनके संघर्ष और मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने के सफर को पैतृक गांव की पृष्ठभूमि में दर्शाया जा रहा है। गांव के बुजुर्गों और युवाओं में अपने ‘लाडले’ को अपने बीच पाकर भारी उत्साह देखा गया।मुख्यमंत्री की सुरक्षा और डॉक्यूमेंट्री की शूटिंग में किसी भी प्रकार के खलल को रोकने के लिए पुलिस प्रशासन ने पूरे गांव को सील कर दिया था। गांव के सभी प्रवेश द्वारों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। शूटिंग के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति या वाहनों को गांव की सीमा के भीतर प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी गई। ग्रामीणों को भी आवाजाही के लिए सुरक्षा घेरे से होकर गुजरना पड़ा।