लोकतंत्र सिर्फ एक मॉडल नहीं, जीवन जीने का तरीका’, त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस समय 5 देशों की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस कड़ी में वह त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा पर पोर्ट ऑफ स्पेन पहुंचे। यहां पर पीएम मोदी का पारंपरिक अंदाज में शानदार और बेहद अलग तरीके से स्वागत हुआ।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को त्रिनिदाद एवं टोबैगो के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित किया गया। इसके बाद पीएम मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद को भी संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र सिर्फ एक राजनीतिक मॉडल नहीं बल्कि जीवन जीने का तरीका है।
त्रिनिदाद और टोबैगो की संसद की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मैं इस प्रतिष्ठित रेड हाउस में बोलने वाला भारत का पहला प्रधानमंत्री बनकर गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने कहा कि इस महान राष्ट्र के लोगों ने दो उल्लेखनीय महिला नेताओं को चुना है जिनमें राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री शामिल हैं। उन्होंने गर्व से खुद को भारतीय प्रवासियों की बेटियां कहा। उन्हें अपनी भारतीय विरासत पर गर्व है, हमारे दोनों राष्ट्र औपनिवेशिक शासन की छाया से उठकर साहस के साथ अपनी कहानियां लिखने के लिए आगे आए।