सीमा पार आतंकी मॉड्यूल पर कार्रवाई, एक गिरफ्तार; चार हैंड ग्रेनेड और दो विदेशी पिस्तौल बरामद

0

अमृतसर काउंटर इंटेलिजेंस विंग ने सीमा पार से संचालित आतंकी मॉड्यूल के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसएसओसी अमृतसर और एसएसओसी मोहाली की टीमों ने मिलकर की। गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चार हैंड ग्रेनेड, दो विदेशी पिस्तौल और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में था और उनके निर्देश पर हथियारों की सप्लाई तथा नेटवर्क को मजबूत करने का काम कर रहा था। शुरुआती पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और एन्क्रिप्टेड ऐप्स के जरिए संपर्क में रहता था और उसे विभिन्न स्थानों पर हथियार पहुंचाने के निर्देश दिए जाते थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी के तार चंडीगढ़ में हुए ग्रेनेड हमले से जुड़े मॉड्यूल से भी जुड़े हैं। इस एंगल पर विशेष रूप से जांच की जा रही है ताकि हमले की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके। बरामद हथियारों की फॉरेंसिक जांच भी कराई जा रही है, जिससे यह पता लगाया जा सके कि इनका इस्तेमाल पहले किसी वारदात में हुआ है या नहीं।

इस मामले में स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल अमृतसर में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीमें अब इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य सदस्यों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही हैं। साथ ही सीमा पार से होने वाली हथियार तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने के लिए विभिन्न एजेंसियों के साथ समन्वय कर कार्रवाई जारी है।

डीजीपी ने कहा कि राज्य में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह के मॉड्यूल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *