बठिंडा में खुलेआम लग रहे चिट्टे के इंजेक्शन; लगातार वायरल वीडियो से पुलिस प्रशासन पर उठे सवाल

0

पंजाब के बठिंडा में नशे की समस्या एक बार फिर सुर्खियों में है। पिछले दो दिनों में बठिंडा से जुड़ी तीन वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुई हैं, जिनमें युवक खुलेआम चिट्टे (हेरोइन) के इंजेक्शन लगाते दिखाई दे रहे हैं। सोमवार को सामने आई एक नई वीडियो में कुछ युवक सुनसान इलाके में बैठकर नशा करते नजर आ रहे हैं।

वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवकों को किसी तरह का डर नहीं है। इन तस्वीरों ने पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। नौजवान वेलफेयर सोसाइटी के प्रधान सोनू महेश्वरी ने यह वीडियो अपने फेसबुक पेज पर साझा की है। वीडियो के अनुसार संतपुरा रोड पर रेलवे लाइनों के पास खाली जगह में चार से पांच युवक इंजेक्शन के जरिए नशा करते दिखाई दे रहे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के कुछ इलाकों में लंबे समय से नशा बिक रहा है। पार्कों, सुनसान गलियों और खाली पड़ी इमारतों में नशेड़ी युवकों के इकट्ठा होने की शिकायतें पहले भी सामने आती रही हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतें करने के बावजूद हालात में ठोस सुधार नहीं हुआ।

उनका कहना है कि युवा पीढ़ी तेजी से नशे की चपेट में आ रही है, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति और सामाजिक ढांचा दोनों प्रभावित हो रहे हैं।अभिभावकों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि नशा बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही नशा छोड़ने के लिए पुनर्वास केंद्रों की संख्या बढ़ाने और युवाओं को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी है। वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और इनमें दिख रहे युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि पहचान होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शहर में वायरल वीडियो को लेकर चर्चा का माहौल है और लोग प्रशासन से सख्त कदम उठाने की उम्मीद कर रहे हैं।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर