हरियाणा में बच्चा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, पंजाब की महिला समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, एक नवजात भी बरामद
हरियाणा के बहादुरगढ़ में पुलिस ने नवजात बच्चों की तस्करी करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि गिरोह का सरगना अभी फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन दिन का एक नवजात बच्चा भी बरामद किया है। प्रारंभिक तौर पर पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी नवजात बच्चे को पंजाब के फरीदकोट से खरीद कर लाये थे और दिल्ली बेचने जा रहे थे। बहादुरगढ़ के डीसीपी मयंक मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाजियाबाद निवासी सलीम और अखिल के रूप में हुई है, जबकि महिला आरोपी पंजाब के मुक्तसर की रहने वाली बेअंत कौर है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह पांच सदस्यों का गिरोह है और इसका सरगना अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। आरोपियों के कब्जे से तीन दिन का नवजात बच्चा बरामद किया गया है, जिसे ये लोग पंजाब के फरीदकोट से लेकर आए थे। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी इस बच्चे को दिल्ली में एक निसंतान दंपति को बेचने वाले थे। आरोपियों ने नवजात को करीब सवा दो लाख रुपये में खरीदा था और इसका सौदा 9 लाख 25 हजार रुपये में किया गया था।
