किराया बढ़ाने की मांग पर अड़े कैब चालक, चंडीगढ़ में प्रदर्शन; 16 जून को हड़ताल की चेतावनी
चंडीगढ़। बढ़ती महंगाई और संचालन खर्चों से परेशान कैब चालकों ने सोमवार को किराया बढ़ाने समेत अपनल मांगों को लेकर सेक्टर-25 रैली ग्राउंड में जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में जुटे चालकों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और प्रतीकात्मक अर्थी निकालकर अपना रोष व्यक्त किया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कोई सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 16 जून को शहरभर में बड़े स्तर पर हड़ताल और आंदोलन किया जाएगा। इससे ट्राईसिटी में कैब और टैक्सी की सेवाएं प्रभावित होंगी।
कैब चालक यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि ईंधन, वाहन रखरखाव, बीमा और स्पेयर पार्ट्स की लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किराया दरों में वर्षों से कोई संशोधन नहीं हुआ है।
उनका कहना है कि मौजूदा 25 रुपये प्रति किलोमीटर किराया मौजूदा परिस्थितियों में पर्याप्त नहीं है। यूनियन ने कैब का न्यूनतम किराया 35 रुपये प्रति किलोमीटर निर्धारित करने की मांग उठाई है। यूनियन अध्यक्ष अमनदीप ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से चालकों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई है।
