गुरदासपुर के गीता मंदिर रोड बाजार में संदिग्ध बम जैसी वस्तु मिलने से मचा हड़कंप, पूरा इलाका खाली कराया गया
गुरदासपुर के गीता मंदिर रोड स्थित मुख्य बाजार में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक टाइल्स की दुकान के बाहर संदिग्ध बम जैसी वस्तु मिलने की सूचना मिली। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे बाजार को घेर लिया और एहतियात के तौर पर उसे खाली करा दिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता (Bomb Disposal Squad) को मौके पर बुलाया गया है। वहीं, दुकान के बाहर संदिग्ध वस्तु रखने वाले व्यक्ति की पहचान सीसीटीवी फुटेज के जरिए कर ली गई है और पुलिस उसकी जांच में जुट गई है।
अधिकारियों का कहना है कि बम निरोधक दस्ते की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि वस्तु वास्तव में विस्फोटक है या किसी ने सिर्फ दहशत फैलाने के लिए शरारत की है।
