शिमला में हाई कोर्ट के बाद जिला अदालत को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस ने चलाया सर्च अभियान

0

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में चक्कर स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। यह धमकी आधिकारिक ईमेल के माध्यम से भेजी गई थी, जिसकी सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।

पुलिस थाना बालूगंज को जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सिविल एवं सत्र प्रभाग शिमला के कार्यालय से ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें कोर्ट परिसर में बम रखे होने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की सघन तलाशी ली गई।

पुलिस ने अदालत भवन सहित आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की, लेकिन तलाशी के दौरान कोई भी बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। जांच पूरी होने के बाद अदालत परिसर में स्थिति सामान्य कर दी गई और कामकाज नियमित रूप से जारी रहा।

इस मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 353(1)(b), 351(3), 351(4) और 152 के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के अनुसार धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है और संबंधित डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

गौरतलब है कि हाल ही में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय को भी इसी तरह की धमकी मिली थी। उस समय भी पुलिस ने तत्काल सर्च ऑपरेशन चलाया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। तब भी अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की धमकियों को पूरी गंभीरता से लिया जाता है, ताकि किसी भी संभावित खतरे से समय रहते निपटा जा सके। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर