चंडीगढ़ में वायरल वीडियो ने बढ़ाई चिंता, खड़े-खड़े सोते व्यक्ति को लेकर ‘जॉम्बी ड्रग’ की चर्चा
चंडीगढ़। चंडीगढ़ के धनास बैरियर स्थित लेबर चौक के पास एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति खड़े-खड़े ही सोता हुआ नजर आया।
काफी देर तक एक ही स्थिति में आंखें बंद कर खड़े रहने के कारण आसपास मौजूद लोगों ने उसका वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसके बाद से सोशल मीडिया पर लोग ‘जॉम्बी ड्रग’ का नाम लेकर पैनिक हो रहे हैं। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में अब तक कुछ आधिकारिक जानकारी नहीं दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, व्यक्ति काफी समय तक बिना हिले-डुले खड़ा रहा, जिससे लोगों को शक हुआ और उन्होंने उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने उसे आवाज देकर जगाने की कोशिश भी की, लेकिन वह लंबे समय तक उसी स्थिति में खड़ा रहा।
हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि व्यक्ति किसी नशे के प्रभाव में था या फिर अत्यधिक थकान के कारण उसे नींद आ गई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं, जिससे सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ रही है। फिलहाल प्रशासन या पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
