फिलीपींस में आया 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप, कई इमारतें ढहीं और सुनामी का अलर्ट!
प्रशांत क्षेत्र में स्थित द्वीपीय देश फिलीपींस में सोमवार सुबह कुदरत का बड़ा कहर देखने को मिला है। दक्षिणी फिलीपींस के मिंडानाओ तट पर आए इस भीषण भूकंप के कारण कई शहरों में इमारतें और मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गए हैं।
भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर नीचे होने के कारण झटके बेहद विनाशकारी महसूस किए गए। इस प्राकृतिक आपदा के तुरंत बाद अंतरराष्ट्रीय निगरानी एजेंसियों और स्थानीय प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए आपातकालीन दिशानिर्देश जारी कर दिए हैं।
फिलीपीन ज्वालामुखी विज्ञान और भूकंप विज्ञान संस्थान (फिवोल्क्स) के अनुसार, भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7.0 मापी गई है। भूकंप के तेज झटकों के कारण जनरल सटास शहर सहित कई इलाकों में बड़ी इमारतों के हिस्से गिर गए और सड़कों व मकानों में गहरी दरारें आ गईं।
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में लोग डर के मारे सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आ रहे हैं। कम गहराई पर आए इस भूकंप के कारण जान-माल के बड़े नुकसान का अंदेशा जताया जा रहा है, जिसकी सटीक जानकारी जुटाने में राहत टीमें लगी हुई हैं।
भूकंप के तुरंत बाद अमेरिकी और प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्रों ने अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि अगले कुछ घंटों तक समुद्र में एक मीटर या उससे अधिक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। फिलीपींस के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तुरंत अपने घरों को छोड़कर ऊंचे और अंदरूनी इलाकों में जाने की सख्त सलाह दी गई है।
फिलीपीन संस्थान के प्रमुख टेरेसिटो बाकोलकोल ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी चीज का इंतजार किए बिना अपनी जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं क्योंकि ऐसी स्थिति में जीवन सबसे अहम है।
