एक फैसले का आज भी अफसोस! वरुण धवन ने छोड़ी थी नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म, कंगना संग बनने वाली थी जोड़ी

0

बॉलीवुड अभिनेता वरुण धवन ने हाल ही में अपने करियर से जुड़ा एक दिलचस्प खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने एक ऐसी फिल्म करने से मना कर दिया था, जो बाद में न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई, बल्कि नेशनल अवॉर्ड्स भी अपने नाम करने में सफल रही। यह फिल्म थी ‘अंधाधुन’, जिसे आज हिंदी सिनेमा की बेहतरीन थ्रिलर फिल्मों में गिना जाता है।

इन दिनों अपनी फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ को लेकर चर्चा में चल रहे वरुण धवन हाल ही में तन्मय भट्ट के मीम्स रिएक्शन यूट्यूब वीडियो में शामिल हुए थे। इस दौरान जब वरुण से पूछा गया कि क्या कोई ऐसी फिल्म है जिसे उन्होंने ठुकरा दिया था और बाद में वह बहुत बड़ी हिट साबित हुई और उन्हें इसका पछतावा हुआ, तो उन्होंने कहा,
“मुझे लगता है कि मैंने एक अच्छी फिल्म को मना कर दिया था, जो बाद में बहुत बड़ी हिट साबित हुई, वो थी ‘अंधाधुन’। लेकिन मैं उस समय किसी और फिल्म की शूटिंग कर रहा था, इसलिए मैं वह फिल्म नहीं कर पाया। और उस फिल्म की ओरिजनल कास्ट में मैं और कंगना रनौत होने वाले थे।”

फिल्म में आखिरकार आयुष्मान खुराना, तब्बू और राधिका आप्टे को मुख्य भूमिकाओं में लिया गया, जिन्होंने अपने शानदार अभिनय से दर्शकों और समीक्षकों का दिल जीत लिया।

निर्देशक श्रीराम राघवन की ‘अंधाधुन’ एक ब्लैक कॉमेडी क्राइम थ्रिलर थी, जिसकी कहानी एक पियानो वादक के इर्द-गिर्द घूमती है। यह किरदार खुद को अंधा बताता है, लेकिन एक हत्या के रहस्य में फंसने के बाद उसकी जिंदगी पूरी तरह बदल जाती है।

फिल्म की कहानी, अप्रत्याशित ट्विस्ट और रहस्यमयी अंत ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। यही वजह रही कि फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों दोनों से जबरदस्त सराहना मिली।

‘अंधाधुन’ रिलीज के बाद बड़ी सफलता साबित हुई। सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में शानदार कमाई की और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। फिल्म को तीन राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिले, जिनमें सर्वश्रेष्ठ हिंदी फिल्म और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार शामिल था।

आज भी ‘अंधाधुन’ को हिंदी सिनेमा की सबसे सफल और यादगार थ्रिलर फिल्मों में गिना जाता है।

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *