अभिजीत दिपके का एलान- ‘मंगलवार को भी संसद तक जारी रहेगा हमारा प्रदर्शन’
नीट परीक्षा में कथित धांधली, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन अब और उग्र रुख अख्तियार करने जा रहा है। सोमवार को दिल्ली की सड़कों पर हुए हिंसक टकराव के बाद सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दिपके ने देर रात बड़ा बयान जारी कर स्पष्ट कर दिया है कि यह आंदोलन थमने वाला नहीं है और संसद तक उनका ‘संसद चलो’ मार्च मंगलवार को भी लगातार जारी रहेगा।
दिपके ने दोटूक कहा, “हम मंगलवार को फिर से संसद की तरफ मार्च करेंगे और किसी भी कीमत पर प्रदर्शन स्थल को खाली नहीं छोड़ेंगे।” सोमवार को दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर पर बनाया गया मंच कथित रूप से हटा दिए जाने के बावजूद सीजेपी के हजारों प्रदर्शनकारी वापस धरना स्थल पर डट गए हैं और आंदोलन की आगे की रणनीति तैयार कर रहे हैं।
इससे पहले सोमवार को मानसून सत्र के पहले दिन दिल्ली का जंतर-मंतर और मध्य दिल्ली का इलाका राजधानी के पिछले कुछ वर्षों के सबसे हिंसक टकरावों में से एक में तब्दील हो गया था। संसद भवन की तरफ कूच कर रहे उग्र प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए सुरक्षा बलों ने जब कड़ा घेरा बनाया, तो भीड़ बेकाबू हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हवा में आंसू गैस के गोले दागने पड़े और हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों के आक्रामक रवैये और पथराव के कारण ड्यूटी पर तैनात विशेष आयुक्त, संयुक्त आयुक्त, अतिरिक्त आयुक्त व उपायुक्त रैंक के वरिष्ठ अधिकारियों सहित कुल 118 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, इस झड़प में करीब 60 प्रदर्शनकारी भी जख्मी हुए हैं।
