चंडीगढ़ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिया ₹4700 करोड़ की सौगात, बोले- “चंडीगढ़ सिर्फ शहर नहीं, भारत का डेवलपमेंट मॉडल”

0

हरियाणा के जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ पहुंचे, जहां उन्होंने करीब ₹4700 करोड़ की लागत वाली 10 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि, “ये परियोजनाएं केवल चंडीगढ़ ही नहीं बल्कि हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के विकास को भी नई गति देंगी.”

“चंडीगढ़ भारत के लिए डेवलपमेंट मॉडल रहा है”: अपने संबोधन की शुरुआत में प्रधानमंत्री ने कहा कि, “आज कई पुराने लोगों के दर्शन हो रहे हैं. चंडीगढ़ सिर्फ एक शहर नहीं है, बल्कि भारत के लिए डेवलपमेंट का एक मॉडल रहा है. यहां का व्यवस्थित विकास, बेहतर लाइफस्टाइल और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सुविधाएं पूरे देश के लिए प्रेरणा हैं. मां चंडी का आशीर्वाद इस शहर की पहचान है और इसलिए एनडीए सरकार ने हमेशा चंडीगढ़ के विकास को प्राथमिकता दी है.”

प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, “देश में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) लागू करने की शुरुआत भी चंडीगढ़ से हुई थी. पिछले वर्षों में इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर, स्मार्ट पार्किंग और कई डिजिटल परियोजनाओं पर ढाई हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं. आज शुरू हुई नई परियोजनाएं शहर को और आधुनिक बनाएंगी.”

“चंडीगढ़ के विकास का लाभ पड़ोसी राज्यों को भी मिलेगा”: प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, “चंडीगढ़ का विकास पूरे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है. मैं हरियाणा से आया हूं और यहां से पंजाब जाऊंगा. इन दोनों राज्यों के बीच चंडीगढ़ एक मजबूत कड़ी है. चंडीगढ़ के विकास से हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के लोगों को भी सीधा लाभ मिलेगा. चिकित्सा क्षेत्र में तो यह पूरे क्षेत्र के लिए एक बड़ा केंद्र है.”

अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि, “जब मैं चंडीगढ़ में रहता था, तब अक्सर पीजीआई आना होता था क्योंकि हमारे साथियों के परिवार यहां इलाज के लिए आते थे. वर्ष 2015 में मुझे पीजीआई के दीक्षांत समारोह में आने का अवसर मिला था. आज खुशी है कि पीजीआई की क्षमता और आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं में उल्लेखनीय विस्तार हुआ है. यहां के डॉक्टरों और प्रशासन ने शानदार कार्य किया है.”

पीएम ने की इंद्रजीत सिंह सिद्धू की सराहना: प्रधानमंत्री ने स्वच्छ भारत मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि, “हमने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाया. मैं चंडीगढ़ के रिटायर्ड आईपीएस अधिकारी पद्मश्री इंद्रजीत सिंह सिद्धू की विशेष रूप से सराहना करता हूं. उन्होंने लोगों को स्वच्छता के लिए प्रेरित किया और ‘स्वच्छता सिपाही’ के रूप में पहचान बनाई. सोशल मीडिया पर भी मैं उनके अभियान को देखता रहा हूं. चंडीगढ़ के नागरिक भी इसके लिए बधाई के पात्र हैं.”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि, “एक समय दुनिया भारत के स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर चिंता व्यक्त करती थी, लेकिन आज भारत मेडिकल टूरिज्म का बड़ा डेस्टिनेशन बनकर उभर रहा है. कोरोना महामारी के दौरान भारत मदद मांगने वाला नहीं बल्कि दुनिया की मदद करने वाला देश बना. पिछले 12 वर्षों में 15 नए एम्स स्थापित किए गए हैं. चंडीगढ़ को होमी भाभा कैंसर अस्पताल जैसी आधुनिक सुविधा भी मिली है.”

स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रधानमंत्री ने कहा कि, “आज देशभर में करीब 1.75 लाख आयुष्मान आरोग्य मंदिर लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं. ई-संजीवनी के माध्यम से लोग घर बैठे डॉक्टरों से परामर्श ले रहे हैं. मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी आई है और अब 90 प्रतिशत से अधिक प्रसव अस्पतालों में हो रहे हैं. टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत समय पर जांच और इलाज के कारण उपचार कवरेज 90 प्रतिशत से अधिक हो चुका है तथा टीबी के मामलों में 21 प्रतिशत की कमी आई है.”

मेडिकल शिक्षा और अनुसंधान को मिली नई दिशा: प्रधानमंत्री ने कहा कि, “पहले डॉक्टर बनने का सपना बहुत कठिन माना जाता था, लेकिन अब देशभर में नए मेडिकल कॉलेज खुलने से युवाओं के लिए अवसर बढ़े हैं. हमारी सरकार ने मेडिकल छात्रों के लिए आधुनिक रिसर्च सेंटर और बेहतर चिकित्सा शिक्षा की सुविधाएं विकसित की हैं, जिससे देश का स्वास्थ्य ढांचा लगातार मजबूत हो रहा है.”

 अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने सभी नई परियोजनाओं के लिए चंडीगढ़वासियों को बधाई देते हुए कहा कि, “इन विकास परियोजनाओं से चंडीगढ़ और आसपास के राज्यों के लोगों का जीवन और अधिक आसान होगा. मैं सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं.”

चंडीगढ़ को मिली ये सौगातें

  • PGI- एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर का उद्घाटन
  • PGI-एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज़ सेंटर राष्ट्र को समर्पित
  • PGI- 150 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का शिलान्यास
  • PEC- कुरुक्षेत्र बॉयज़ हॉस्टल व मैस का उद्घाटन, रिसर्च स्कॉलर्स हॉस्टल का शिलान्यास
  • सेक्टर- 46 गवर्टमेंट कॉलेज, नए हॉस्टल ब्लॉक का उद्घाटन
  • 3 सड़क परियोजनाएं- आईटी सिटी कुराली हाईवे का उद्घाटन, जिकरपुर बाईपास और PR-7 SPUR का उद्घाटन

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *