सोनम वांगचुक के अनशन का 17वां दिन, वजन 8.5 KG घटा, महुआ मोइत्रा बोलीं- ‘सरकार को आपकी परवाह नहीं
शिक्षाविद् और जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के जंतर-मंतर पर अनशन का आज 17वां दिन है. कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने उनकी हेल्थ के बारे में बताया कि वांगचुक की मांपपेशियां कमजोर होने लगी हैं और उन्हें असहनीय दर्द हो रहा है.
CJP फाउंडर ने कहा कि वांगचुक का वजन 8.5 किलोग्राम कम हो गया है और उनका ब्लड प्रेशर 109/70 है. दीपके ने वांगचुक के साथ अपनी बातचीत भी शेयर की है, जिसमें उन्होंने सोनम वांगचुक से अपनी भूख हड़ताल खत्म करने की अपील की है.
वांगचुक का वजन घटा, बीपी गिरा
अभिजीत दीपके ने एक्स पर लिखा, ‘उनकी मांसपेशियां कमजोर होने लगी हैं और उन्हें असहनीय दर्द हो रहा है. बाकी सब लोगों की तरह मैंने भी उनसे अनशन तोड़ने की गुहार लगाई. उन्होंने शांत भाव से जवाब दिया कि मुझसे अनशन तोड़ने के लिए मत कहो. सरकार से पूछो कि वे बातचीत शुरू क्यों नहीं कर रहे.’
उन्होंने सरकार से यह भी अपील की कि इस विरोध प्रदर्शन को अहंकार की लड़ाई में न बदलें, क्योंकि इसमें मानवीय जीवन दांव पर लगे हैं. उन्होंने कहा कि यह विरोध प्रदर्शन केवल जवाबदेही की मांग करता है. गलती स्वीकार करना कमजोरी की निशानी नहीं है. यह परिपक्वता, जवाबदेही और सुधार की इच्छा का प्रतीक है.
सोनम वांगचुक और कॉकरोच जनता पार्टी को नेताओं का भी समर्थन मिला है. टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे, सीपीआई सांसद अमराराम, दिल्ली की पूर्व सीएम आतिशी ने जंतर-मंतर का प्रदर्शन किया है. महुआ मोइत्रा ने तो वांगचुक से भूख हड़ताल को खत्म करने और विरोध प्रदर्शन जारी करने की अपील की है.
टीएमसी सांसद ने एक्स पर लिखा, ‘सोनम सर, आपके अनशन ने न्याय की लड़ाई में देश के युवाओं को एकजुट कर दिया है. आपका लक्ष्य पूरा हो गया है. सरकार को आपकी या करोड़ों युवाओं की जान की कोई परवाह नहीं है, लेकिन आपकी जान हमारे लिए मायने रखती है. कृपया अनशन समाप्त करें और लड़ाई जारी रखें.’
