दिल्ली-चंडीगढ़ शताब्दी की पावर फेल, ढाई घंटे तक परेशान हुए यात्री; दिल्ली से आया नया इंजन

0

चंडीगढ़। नई दिल्ली से चंडीगढ़ जा रही शताब्दी एक्सप्रेस सोमवार रात तकनीकी खराबी के कारण बीच सफर में थम गई। इंजन की पावर प्रणाली में अचानक आई खराबी के चलते ट्रेन को सोनीपत रेलवे स्टेशन पर ढाई घंटे से अधिक समय तक खड़ा रखना पड़ा। इससे सैकड़ों यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा, जबकि रेलवे अधिकारियों में भी अफरा-तफरी मच गई।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार ट्रेन संख्या 12045 चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस रात करीब 8:15 बजे राठधना और हरसाना कलां रेलवे स्टेशनों के बीच पहुंची थी। इसी दौरान इंजन की पावर प्रणाली प्रभावित हो गई। लोको पायलट ने सतर्कता बरतते हुए ट्रेन को धीमी गति से चलाकर रात 8:34 बजे सोनीपत रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर सुरक्षित पहुंचाया।

सूचना मिलते ही रेलवे कंट्रोल, दिल्ली मंडल, आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी मौके पर सक्रिय हो गए। तकनीकी टीम ने इंजन की खराबी दूर करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर दिल्ली से वैकल्पिक इंजन मंगवाया गया। करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद नया इंजन जोड़कर सभी तकनीकी जांच पूरी की गई। इसके बाद रात 10:52 बजे चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस को उसके गंतव्य के लिए रवाना किया गया।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। रेलवे ने तकनीकी खराबी के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

 

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *