चंडीगढ़ के क्लब में बवाल: NRI छात्र से मारपीट, पिस्टल निकाल धमकाया; मैनेजर समेत पांच पर केस

0

चंडीगढ़ सेक्टर-26 के एक क्लब में हाईप्रोफाइल हंगामे का मामला सामने आया है। विदेश में पढ़ाई कर रहे एक एनआरआई छात्र की कुछ युवकों से क्लब के अंदर कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान कुछ लोगों ने छात्र के साथ मारपीट की और बीच-बचाव करने पहुंचे क्लब के बाउंसरों से भी धक्का-मुक्की की।

इसके बाद क्लब के बाहर एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर धमकाया। यहीं नहीं, घटना के बाद आरोपी बीएमडब्ल्यू कार में मौके से भाग निकले और भागते समय पार्किंग में खड़े चार वाहनों को टक्कर मार दी। क्लब के भीतर हुई मारपीट की घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना बीते शनिवार की रात दो बजे की है। 

सेक्टर-26 थाना पुलिस ने एनआरआई छात्र की शिकायत पर तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नामजद आरोपियों में पंजाबी गायक करण औजला के मैनेजर व करीबी बलदीप सराओ, कारोबारी अनिकेत गुप्ता और मोहाली इंटेलिजेंस मुख्यालय पर हुए आरपीजी हमले के मामले में नामजद जगदीप कंग शामिल हैं। वहीं पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार एनआरआई छात्र अपने दोस्तों के साथ क्लब में आया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उसकी आरोपियों से कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। क्लब में मौजूद बाउंसरों ने बीच-बचाव की कोशिश की लेकिन आरोपियों ने उनसे भी धक्का-मुक्की और बहस की। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद क्लब के बाहर एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर धमकाने की कोशिश की। हालांकि पुलिस का कहना है कि अब तक मिली सीसीटीवी फुटेज में ऐसा कोई दृश्य स्पष्ट नहीं दिखा है। इस पहलू की भी अलग से जांच की जा रही है।

घटना के बाद आरोपी बीएमडब्ल्यू कार में बैठकर भाग निकले। भागने की जल्दबाजी में उन्होंने पार्किंग में खड़े चार वाहनों को टक्कर मार दी जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-26 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ देर बाद डीएसपी पी. अभिनंदन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और क्लब व आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच तेज कर दी। पुलिस क्लब स्टाफ, बाउंसरों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। घायल एनआरआई छात्र का मेडिकल कराया गया है। पुलिस के अनुसार मेडिकल रिपोर्ट में छात्र के शराब के नशे में होने की पुष्टि नहीं हुई है।

सूत्रों के अनुसार जगदीप कंग भी पंजाबी गायक करण औजला करीबी है। जंगदीप कंग और बलदीप सराओं की करण औजला के साथ के साथ कई तस्वीरें और वीडियो भी हैं। वहीं, नामजद आरोपियों में से एक का संबंध एक न्यायिक अधिकारी के परिवार से भी बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

एनआरआई छात्र की शिकायत पर तीन नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। सभी आरोपियों की तलाश जारी है। सीसीटीवी फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *