20-30 करोड़ के ऑफर वाले बयान पर घिरे CM उमर अब्दुल्ला, BJP ने भेजा नोटिस
जम्मू-कश्मीर की सियासत में विधायकों की कथित खरीद-फरोख्त के आरोपों को लेकर घमासान मच गया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को एक कानूनी नोटिस भेजकर चेतावनी दी है। बीजेपी ने कहा है कि मुख्यमंत्री या तो पार्टी पर लगाए गए आरोपों के सबूत पेश करें या सार्वजनिक रूप से माफी मांगें, अन्यथा उनके खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
बीजेपी प्रवक्ता द्वारा श्रीनगर में जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पार्टी की जम्मू-कश्मीर इकाई ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला को डाक और ई-मेल के जरिए यह कानूनी नोटिस भेजा है। प्रवक्ता ने कहा, “मुख्यमंत्री को आरोपों के समर्थन में ठोस सबूत देने या सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है। यदि वे ऐसा करने में विफल रहते हैं, तो पार्टी उनके खिलाफ 100 करोड़ रुपये का मानहानि का मुकदमा दायर करेगी।”
यह पूरा विवाद मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के पिछले सप्ताह दिए गए एक बयान से शुरू हुआ है। हजरतबल में नेशनल कॉन्फ्रेंस (NC) के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उमर अब्दुल्ला ने बीजेपी पर उनकी सरकार गिराने की साजिश रचने का आरोप लगाया था।
मुख्यमंत्री ने दावा किया था कि विपक्षी दल उनकी पार्टी के विधायकों को तोड़ने के लिए 20 से 30 करोड़ रुपये और मंत्री पद की पेशकश कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा था कि जम्मू क्षेत्र के नेशनल कॉन्फ्रेंस के ही एक विधायक ने खुद उन्हें इस बात की जानकारी दी है। बीजेपी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और पार्टी की छवि धूमिल करने की कोशिश बताया है।
