बैंकॉक के पब में आग: इमरजेंसी एग्जिट गेट ब्लॉक होने से फंसे लोग,जहरीले धुएं की वजह से 27 की मौत, 63 झुलसे
थाइलैंड की राजधानी बैंकॉक में रविवार देर रात एक पब में आग लग गई। इस हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई और 63 लोग झुलस गए। झुलसे लोगों में से 22 की हालत नाजुक बताई जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग लगने के बाद पूरे पब में जहरीला धुआं फैल गया। ज्यादातार लोगों की मौत इसी जहरीले धुएं की वजह से हुई। आग लगने के बाद पब के इमरजेंसी एग्जिट गेट ब्लॉक थे। इसकी वजह से भी कई लोग बाहर नहीं निकल सके और अंदर दम घुटने की वजह से उनकी मौत हो गई।
क्लब का नाम ‘रॉन्ग बीयर ना लाडप्राओ’ (Rong Beer Na Lat Phrao) है। यह पब बैंकॉक का पॉपुलर यह लाइव म्यूजिक वेन्यू भी माना जाता है। बैंकॉक के चाटुचक (Chatuchak) इलाके में है।
जांच करने वाले अफसरों के मुताबिक, आग की शुरुआती स्टेज के पास लगे एयर कंडीशनर में शॉर्ट सर्किट से हुई। कुछ ही मिनटों में धुआं पूरे पब में फैल गया। विजिबिलिटी लगभग खत्म हो गई और लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया। फायर फाइटर्स ने AP को बताया कि कई लोगों की मौत आग से झुलसने के बजाय धुएं की वजह से हुई। कई घायल भी स्मोक इनहेलेशन की समस्या से जूझ रहे हैं। रिलीफ टीमों ने ऑक्सीजन देकर कई लोगों को बाहर निकाला।
बैंकॉक एडमिनिस्ट्रेशन की शुरुआती जांच में सामने आया कि पब के पीछे बने इमरजेंसी एग्जिट गेट ब्लॉक था। एक गेट के सामने बीयर की क्रेट्स रखी थीं, जबकि दूसरे रास्ते पर टेबल लगी हुई थी। आग लगते ही लोग पीछे की तरफ भागे, लेकिन बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला। इसी वजह से बड़ी संख्या में लोग अंदर ही फंस गए। फायर फाइटर्स को इन चीजों को हटाकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करना पड़ा।
रेस्क्यू टीम जब अंदर पहुंची तो कई डेड बॉडी टॉयलेट और उसके आसपास मिले। अफसरों का मानना है कि लोग आखिरी समय में पीछे के रास्ते से निकलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन जहरीले धुएं की वजह से उन्हें मौका नहीं मिला। सामने आए बॉडी कैमरा फुटेज में फायर फाइटर्स मास्क पहनकर धुएं से भरे कमरों में सर्च ऑपरेशन करते नजर आ रहे हैं। फॉरेंसिक टीम ने मृतकों की पहचान करने और सबूत जुटाने का काम शुरू कर दिया है।
हादसे के वक्त पब में मौजूद लोगों ने बताया कि पहले जलने जैसी बदबू आई, फिर कुछ ही सेकंड में छत से आग की लपटें दिखाई देने लगीं। एक महिला ने बताया कि स्टेज पर गाना गा रहे लोगों ने सबसे पहले धुआं देखा था। इसके बाद साउंडप्रूफ फोम की छत टूटकर लोगों पर गिरने लगी। इसी दौरान लोग जान बचाने के लिए भागे, लेकिन बाहर निकलने का रास्ता नहीं मिला। कुछ वीडियो में पब से काला धुआं और फिर तेज आग की लपटें निकलती नजर आई।
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नवीराकुल ने चाटुचक में पब का दौरा कर रिलीफ और रेस्क्यू ऑपरेशन्स की जानकारी ली। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। अनुतिन ने इस हादसे की पूरी जांच के आदेश दिए हैं। सरकार ने कहा कि यह पता लगाया जाएगा कि पब में फायर सेफ्टी के नियमों का पालन हुआ था या नहीं। अगर लापरवाही मिली तो जिम्मेदार लोगों पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।
इस हादसे के बाद थाईलैंड में एंटरटेनमेंट वेन्यू की फायर सेफ्टी को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। जांच एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि इमरजेंसी एग्जिट क्यों बंद थे, अंदर इस्तेमाल की गई चीजें कितनी ज्वलनशील थी। पब ऑपरेटर्स ने सेफ्टी स्टैंडर्ड्स का पालन किया था या नहीं। अफसरों का कहना है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे एक्शन लिया जाएगा।
