महुआ मोइत्रा-हेनरी मामले में हाईकोर्ट का फैसला, मुलाकात के लिए करना होगा इंतजार
महुआ मोइत्रा और उनके पूर्व साथी एवं अधिवक्ता जय अनंत देहाद्रई के बीच पालतू रॉटवाइलर ‘हेनरी’ की कस्टडी को लेकर विवाद अब दिल्ली हाईकोर्ट पहुंच गया है। अदालत ने कहा है कि अगले सप्ताह यह तय किया जाएगा कि महुआ मोइत्रा को अंतरिम तौर पर अपने पालतू कुत्ते हेनरी से मिलने की अनुमति दी जाए या नहीं।
यह मामला सिर्फ पालतू कुत्ते की कस्टडी तक सीमित नहीं है, बल्कि पालतू जानवरों के अधिकार, भावनात्मक जुड़ाव और साझा देखभाल जैसे मुद्दों से भी जुड़ा हुआ है। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद हाईकोर्ट ने अपना फैसला अगले सप्ताह तक के लिए सुरक्षित रख लिया।
महुआ मोइत्रा का कहना है कि हेनरी उन्हें उपहार में मिला था और लंबे समय तक उनके साथ रहा। उनका दावा है कि दोनों के बीच मौखिक सहमति थी कि हेनरी की देखभाल मिलकर की जाएगी। इसी आधार पर उन्होंने पहले जिला अदालत में साझा कस्टडी की मांग की थी, लेकिन अदालत ने उन्हें अंतरिम राहत नहीं दी। इसके बाद उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया।
वहीं, जय अनंत देहाद्रई ने भी जिला अदालत के उस आदेश को हाईकोर्ट में चुनौती दी, जिसमें महुआ मोइत्रा की मूल याचिका खारिज करने की उनकी मांग स्वीकार नहीं की गई थी। अब दोनों की अपीलों पर सुनवाई के बाद अंतिम फैसला अगले सप्ताह आने की संभावना है।
