आधी रात को बदमाशों ने कार में लगाई आग, CCTV में कैद हुई वारदात
करनाल के सीएचडी सिटी क्षेत्र में आधी रात उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर खड़ी एक कार को अज्ञात व्यक्ति ने आग के हवाले कर दिया। बदमाश पहले कार के शीशे तोड़कर अंदर ज्वलनशील पदार्थ डालता है और फिर आग लगाकर फरार हो जाता है। पूरी वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित दीपक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कार उनके माता-पिता के मकान के बाहर खड़ी थी। रात करीब एक से दो बजे के बीच किसी ने कार को निशाना बनाया। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। सबसे पहले पड़ोसी कुलदीप सिंह ने कार में आग लगी देखी और तुरंत डायल-112 पर सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुंची।
दमकल कर्मियों ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। आग इतनी भीषण थी कि वाहन को पूरी तरह नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी गई तो मामला दुर्घटना नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश का निकला। फुटेज में एक व्यक्ति कार के पास आता है। उसके शीशे तोड़ता है और अंदर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग लगा देता है। कुछ ही क्षण बाद कार में तेज धमाका होता है।
