पंजाब कांग्रेस में बगावत की आशंका, पूर्व मुख्यमंत्री चन्नी ने बुलाई समर्थकों की बैठक

0

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद पर अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग को बनाए रखने के पार्टी आलाकमान के फैसले के दो दिन बाद, कांग्रेस नेता और जालंधर से सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने शुक्रवार को अपने आवास पर समर्थकों की बैठक बुलाई है. यह घोषणा बुधवार को 2027 के विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी की विभिन्न समितियों के ऐलान के साथ की गई.

इस पद पर नियुक्ति न मिलने से ‘नाराज’ बताए जा रहे चन्नी गुरुवार को पूरे दिन किसी के संपर्क में नहीं आए. यहां तक कि चुनाव प्रचार समिति का अध्यक्ष बनाए जाने पर भी उन्होंने पार्टी आलाकमान को बधाई तक नहीं दी है. आमतौर पर यह परंपरा रही है कि नई घोषणाओं के बाद पार्टी के नेता शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं.

बता दें कि कांग्रेस ने पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले अपनी प्रदेश इकाई के नेतृत्व में बदलाव से जुड़ी अटकलों पर विराम लगा दिया है. कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार साफ हो गया है कि प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और विधायक दल के नेता प्रताप सिंह बाजवा अपने पदों पर बने रहेंगे.

इसके साथ ही पार्टी ने अपने दलित चेहरे और पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव अभियान समिति का प्रमुख नियुक्त किया है. वहीं लोकसभा सदस्य सुखजिंदर रंधावा को कोर कमेटी, पूर्व मंत्री विजय इंदर सिंघला को चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति और सांसद अमर सिंह को घोषणापत्र समिति का अध्यक्ष बनाया है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *