अंबाला के बोरवेल में गिरे 4 साल के निरवैर की मौत, NDRF और आर्मी ने पूरी रात चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हरियाणा के अंबाला जिले के धनोरा गांव में 220 फीट गहरे बोरवेल में गिरे चार साल के बच्चे की मौत हो गई. देर रात करीब 3.30 बजे बच्चे को बोरवेल से निकाला गया. उसे तुरंत बाद अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. चार वर्षीय निरवैर खेत में खेलते वक्त करीब 220 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया था. घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू अभियान शुरू किया था.
मासूम को बाहर निकालने के लिए NDRF, सेना और जिला प्रशासन की टीमें लगातार कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रहीं. भारी मशीनों और विशेष उपकरणों की मदद से बोरवेल के समानांतर खुदाई की गई. करीब 21 घंटे की मशक्कत के बाद रात लगभग 3:30 बजे निरवैर को बोरवेल से बाहर निकाला गया.
रेस्क्यू के तुरंत बाद बच्चे को अंबाला छावनी के नागरिक अस्पताल ले जाया गया. वहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ऋषिपाल ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके बाद शव को अस्पताल के शवगृह में रखा गया. सुबह पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा.
