मथुरा: यमुना एक्सप्रेसवे पर वोल्वो बस और ट्रेलर की टक्कर, 4 यात्रियों की मौत, 20 हुए घायल
मथुरा में यमुना एक्सप्रेसवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक वोल्वो बस और ट्रेलर की टक्कर में चार यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि इस हादसे में करीब 20 यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि भीषण टक्कर में बस का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, यमुना एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन 112 से 113 के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां एक ट्रेलर को पीछे से एक वोल्वो बस ने टक्कर मार दी, जिसमें बस में सवार चार यात्रियों की मौत हो गई है। वहीं, करीब 20 यात्री घायल हुए हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी और मौके पर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। वहीं, घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। बताया जा रहा है कि वोल्वो बस लखनऊ से दिल्ली जा रही थी और इसमें 65 लोग सवार थे।
पुलिस अधीक्षक देहात सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि राया कट से करीब 2 किलोमीटर पहले यह हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि गिट्टी से लदा एक ट्रेलर अपनी लेने में जा रहा था, तभी एक वोल्वो बस ने बेकाबू होकर ट्रेलर में पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि करीब ढाई मीटर तक बस का अगला हिस्सा ट्रेलर में समा गया। उन्होंने बताया कि पुलिस को कंट्रोल रूम में सूचना मिली, जिसके बाद पीआरबी और 12 एम्बुलेंस मदद के लिए मौके पर भेजी गई।
वहीं, घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया और उन्हें जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचा कर इलाज शुरू कराया गया। उन्होंने बताया है कि घायलों में किसी की भी हालत फिलहाल गंभीर नहीं है। एसपी देहात के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि बस की स्पीड ज्यादा थी और ऐसे में लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। फिलहाल, मौके पर फायर सर्विस, एसडीआरएफ और जिला पुलिस की टीमें आगे की कार्रवाई में जुटी हुई हैं। वहीं, मृतकों की शिनाख्त कराई जा रही है और उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।
