हरियाणा के 7 जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट; 26 जून तक राहत के आसार

0

हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है. पंजाब के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेश में अगले तीन दिनों तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना है. IMD ने 24 जून को सात जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और बिजली गिरने की आशंका के बीच यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, मंगलवार सुबह सिरसा जिले में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली.

इन जिलों में तेज हवा और बारिश के आसार: मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल और जींद में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी हवाएं चल सकती हैं. इन इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की भी संभावना है. दूसरी ओर सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी जैसे पश्चिमी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है, हालांकि कुछ स्थानों पर बादल छा सकते हैं.

बीते 24 घंटों के दौरान हरियाणा के कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिला. सिरसा के डबवाली, गुरुग्राम, नूंह और नारनौल में धूल भरी आंधी चली, जबकि रेवाड़ी, गुरुग्राम, रोहतक और भिवानी में तेज बारिश हुई. मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि 25 जून से प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां और तेज हो सकती हैं.

तापमान में आई गिरावट: मौसम में बदलाव का असर तापमान पर भी दिखाई दिया. पिछले 24 घंटों में राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 2.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. रोहतक में सबसे अधिक 39.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ, जबकि सिरसा में 38.2 और गुरुग्राम में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. न्यूनतम तापमान सोनीपत में 22.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे रात का मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा.

अगले पांच दिन का मौसम: वहीं, मौसम विभाग ने 24 जून को उत्तर और मध्य हरियाणा में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है,. 25 जून को अंबाला, यमुनानगर सहित उत्तरी जिलों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं. 26 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में आंशिक बादल और छिटपुट बारिश के आसार हैं. इसके बाद 27 और 28 जून को मौसम फिर से शुष्क होने की संभावना है, जिससे उमस और गर्मी बढ़ सकती है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि, “हरियाणा में 26 जून तक मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील रहेगा. इस दौरान हवाओं की दिशा बदलेगी, आंशिक बादल छाए रहेंगे और पश्चिमी विक्षोभ व साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से कई स्थानों पर तेज धूल भरी हवाएं तथा गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की प्रबल संभावना है.”

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *