25 जून को रोहतक पहुंचेंगे BJP अध्यक्ष नितिन नबीन, हरियाणा अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने बताया पूरा कार्यक्रम

0

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 25 जून को रोहतक आएंगे. वो आपातकाल की बरसी पर होने वाले कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के टैगोर सभागार में होने वाले कार्यक्रम में लोकतंत्र सेनानियों के योगदान को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी. हरियाणा भाजपा अध्यक्ष डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने ये सूचना दी.

25 जून को हरियाणा में 3 प्रमुख कार्यक्रम होंगे: रोहतक के अलावा पंचकूला व फरीदाबाद में लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा. पंचकूला में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मौजूद रहेंगे. अर्चना गुप्ता ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन के चलते रोहतक में सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली. इस बैठक में प्रमुख तौर पर राज्यसभा सदस्य संजय भाटिया, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर व पूर्व राज्यसभा सदस्य रामचंद्र जांगड़ा मौजूद रहे..

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अर्चना गुप्ता ने 25 जून 1975 को लागू आपातकाल को काला अध्याय बताया. उन्होंने कहा कि “तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने लोकतंत्र की हत्या की. विरोध करने पर लाखों लोगों को जेल में डाला गया और जेल में असहनीय यातनाएं दी गई. लोकतंत्र के चौथे स्तंभ प्रेस पर भी पूर्ण पाबंदी लगा दी गई. कांग्रेस पार्टी ने आपातकाल के दौरान जिस प्रकार के अत्याचार किए, उस बारे में युवा पीढी को पता होना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस ने हमेशा ही झूठी कहानी पेश की है.”

राम मंदिर के चढ़ावे विवाद पर दी प्रतिक्रिया: अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी के सवाल पर डॉक्टर अर्चना गुप्ता ने कहा कि “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद इस मामले को देख रहे हैं, जांच जारी है और जिसने भी गबन किया है, वह बचेगा नहीं.” इसके अलावा उन्होंने कुरुक्षेत्र में बीजेपी के पूर्व जिलाध्यक्ष तेजिंद्र सिंह गोल्डी के होमगार्ड की पक्की नौकरी के बदले सौदेबाजी की ऑडियो वायरल होने के मामले पर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि मामला गंभीर था. इसलिए गोल्डी के स्थान पर जिला महामंत्री रमेश सैनी को कार्यकारी जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है. एक अन्य सवाल के जवाब में भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनाव में जिन स्थानों पर पार्टी हारी, वहां पर ज्यादा ध्यान है.

RAGA NEWS ZONE Join Channel Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ताजा खबर