पत्नी की बातों से नाराज शख्स का हाईवोल्टेज ड्रामा, मोहाली में टावर पर चढ़कर दी जान देने की धमकी
चंडीगढ़ के पास मोहाली में बीती रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब यहां अपनी पत्नी से तंग आकर एक शख्स बीएसएनएल एक्सचेंज के टावर पर चढ़ गया। टावर पर चढ़ने के बाद शख्स वहां से कूदकर जान देने की धमकी देने लगा। वहीं सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस-प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची ताकि शख्स को सुरक्षित नीचे उतारा जा सके। लेकिन पुलिस-प्रशासन की काफी जद्दोजहद के बाद भी शख्स नीचे उतरने को राजी नहीं दिखा। ऐसे में यह हाई वोल्टेज ड्रामा घंटों चलता रहा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है जो कि तेजी से वायरल हो रहा है।
टावर पर चढ़े शख्स ने आरोप लगाया कि उसकी पत्नी किसी और युवक के करीब है और उससे फोन पर बातें करती रहती है। उसने यह भी कहा कि उसने कुछ दिन पहले अपनी पत्नी को दूसरे युवक से चैट करते रंगेहाथ पकड़ा था, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। उसने जब मना किया तो पत्नी ने लड़ाई-झगड़ा शुरू कर दिया और दोनों के बीच तनाव बढ़ता चला गया। शख्स का आरोप है इस पूरे मामले में जब उसने ससुराल पक्ष को जानकारी दी तो वहां के लोगों ने भी कोई मदद नहीं की।
मिली जानकारी के मुताबिक, टावर पर चढ़ने वाला शख्स मूल रूप पंजाब के फतेहगढ़ साहिब का रहने वाला है। उसकी पहचान करीब 36 साल के सोनी सिंह के तौर पर हुई है। वह एसी रिपेयर का काम करता है। उसने लव मैरिज की थी। फिलहाल जानकारी मिल रही है कि शख्स को नीचे उतार लिया गया है और पुलिस इस पूरे मामले में पूछताक्ष के साथ बनती कार्रवाई कर रही है। शख्स की पत्नी से संपर्क किया जा रहा है ताकि इस मामले में उससे भी बात की जा सके। इसके अलावा शख्स के तनाव को देखते हुए उसे समझाने की कोशिश की जा रही है।
