संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर ED की बड़ी रेड, केजरीवाल बोले- ‘घबराने की नहीं, लड़ने की जरूरत’
प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम आज पंजाब के आम आदमी पार्टी के नेता एवं मंत्री संजीव अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मोबाइल फोन की बिक्री से संबंधित 100 करोड़ रुपये के जीएसटी धोखाधड़ी के सिलसिले में पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा और कुछ अन्य लोगों से जुड़े धन शोधन मामले में मंगलवार को नए सिरे से छापेमारी की कार्रवाई की। ईडी के अधिकारियों ने बताया कि पंजाब के जालंधर और लुधियाना तथा उत्तर प्रदेश के बरेली और दिल्ली-नोएडा इलाके में लगभग 6 परिसरों पर छापेमारी की जा रही है।
यह कार्रवाई ‘प्रिवेंशन ऑफ़ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट’ के तहत चल रही जांच का हिस्सा है। जिन जगहों पर तलाशी ली गई, उनमें हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड के मामले में जांच के दायरे में आए लोगों और संस्थाओं से जुड़े घर और बिज़नेस ऑफ़िस दोनों शामिल हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखते हुए केजरीवाल ने कहा, ‘ईडी आज फिर पंजाब के हिंदू व्यापारियों पर रेड कर रही है। ईडी पंजाब के छोटे-छोटे हिंदू व्यापारियों को तंग कर रही है। मेरी सभी व्यापारियों से अपील है। घबराने की कोई बात नहीं है। पूरा पंजाब और पंजाब सरकार आपके साथ है, हम सब मिलकर ED पार्टी का मुकाबला करेंगे।’
