चार साल बाद फिर से बहाल हुई रेल सेवा, अब सिर्फ 40 रुपये में पहुंचेंगे पठानकोट से जोगिंदरनगर
हिमाचल प्रदेश और पंजाब क लोगों के लिए राहत भरी खबर है। लगभग चार वर्षों के लंबे इंतजार के बाद पठानकोट-जोगिंदरनगर नैरो-गेज रेल लाइन पर मंगलवार से ट्रेन सेवाएं फिर शुरू हो गई हैं। इस रूट को कांगड़ा वैली रेलवे के नाम से जाना जाता है। अगस्त 2022 में आई भीषण बाढ़ के दौरान चक्की रेलवे पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। जिसके बाद इस ऐतिहासिक रेल मार्ग पर यातायात पूरी तरह बंद कर दिया गया था। उत्तरी रेलवे ने फिलहाल पठानकोट और बैजनाथ पपरोला के बीच यात्री ट्रेनों के दो जोड़े चलाने का फैसला किया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार सभी तकनीकी और सुरक्षा जांच पूरी कर ली गई हैं तथा रेल मार्ग संचालन के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। बता दें कि कांगड़ा वैली रेलवे हिमाचल प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण परिवहन लाइनों में से एक मानी जाती है। यह रेल मार्ग पठानकोट, नूरपुर, कांगड़ा, ज्वालामुखी, पालमपुर, बैजनाथ और जोगिंदरनगर जैसे प्रमुख शहरों और कस्बों को जोड़ता है। छात्रों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों और पर्यटकों के लिए यह एक सस्ता और सुविधाजनक यात्रा साधन है। सेवा बहाल होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को भी नया बल मिलने की उम्मीद है। पठानकोट से जोगिंदरनगर तक पहुंचने में अब सिर्फ 40 रुपये लगेंगे।
