हरियाणा में भीषण गर्मी का कहर: 17 जिलों में लू का अलर्ट, सिरसा 46.2°C के साथ सबसे गर्म; तापमान और बढ़ने के आसार
हरियाणा इस समय भीषण गर्मी की चपेट में है और सूर्य की तपिश लगातार आसमान छू रही है। मौसम वैज्ञानिकों और चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU), हिसार के विशेषज्ञों के मुताबिक 29 मई तक सूबे में मौसम शुष्क बना रहेगा। इस अवधि में दक्षिण पश्चिम दिशा से आने वाली तप्त और शुष्क हवाएं चलेंगी, जिससे दिन के तापमान में और ज्यादा इजाफा होने के आसार हैं।
राज्य के कई हिस्सों में ‘सीवियर हीटवेव’ (अत्यधिक भीषण लू) के हालात बन रहे हैं, जिसके कारण दिन के साथ-साथ रात का तापमान भी सामान्य स्तर से काफी ऊपर बना हुआ है। मौसम विज्ञान के नियमों के अनुसार जब मैदानी भागों में अधिकतम तापमान 47 डिग्री सेल्सियस या उससे पार हो जाता है अथवा सामान्य तापमान में 6.5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की बढ़ोत्तरी हो जाती है तो उसे ‘सीवियर हीटवेव’ घोषित किया जाता है।
बीते सोमवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा मापा गया। इसमें 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सिरसा राज्य का सबसे गर्म इलाका रहा। इसके अतिरिक्त रोहतक में 45.2 डिग्री, नारनौल में 44.2 डिग्री, भिवानी में 44 डिग्री और हिसार में 43.3 डिग्री सेल्सियस पारा दर्ज किया गया।
मौसम केंद्र ने 26 मई को प्रदेश के 17 जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात, पलवल, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, पानीपत, जींद और कैथल में अत्यधिक भीषण लू (सीवियर हीटवेव) की चेतावनी जारी की है। वहीं अंबाला, कुरुक्षेत्र, करनाल, यमुनानगर और चंडीगढ़ में मध्यम लू चलने की संभावना है।
