लद्दाख में बड़ा हादसा: सेना का चीता हेलीकॉप्टर क्रैश, मेजर जनरल सचिन मेहता समेत तीन घायल
लद्दाख सेक्टर से एक बड़ी और परेशान करने वाली खबर सामने आ रही है। भारतीय सेना का एक ‘चीता’ लाइट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त (Crash) हो गया है। इस हादसे में सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी समेत तीन सैन्यकर्मी घायल हुए हैं।
सैन्य अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, घायलों में डिविजन कमांडर मेजर जनरल सचिन मेहता भी शामिल हैं। राहत की बात यह है कि हादसे के तुरंत बाद सभी को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है।
सेना के मुताबिक, इस हादसे में हेलीकॉप्टर उड़ा रहे दोनों पायलट और उसमें सवार मेजर जनरल सचिन मेहता को चोटें आई हैं। क्रैश के तुरंत बाद सेना की रेस्क्यू टीम ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को घटना स्थल से बाहर निकाला।
अस्पताल में भर्ती कराए गए तीनों सैन्यकर्मियों की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायल पूरी तरह सुरक्षित और स्थिर (Stable) हैं।
हेलीकॉप्टर किस वजह से और किन परिस्थितियों में क्रैश हुआ, इसकी सही वजह अभी सामने नहीं आ पाई है। सेना के आला अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए ‘कोर्ट ऑफ इंक्वायरी’ (Court of Inquiry) के आदेश दे दिए हैं।
आपको बता दें कि ‘चीता’ हेलीकॉप्टर का इस्तेमाल भारतीय सेना द्वारा लद्दाख जैसे अत्यधिक ऊंचाई वाले और दुर्गम क्षेत्रों में परिवहन और परिचालन संबंधी कर्तव्यों के लिए बड़े पैमाने पर किया जाता है। हादसे से जुड़ी विस्तृत जानकारी का अभी इंतजार है।
