कांस से लौटे ‘चड़दीकला’ के सितारों का पंजाब में भव्य स्वागत
कांस से लौटे ‘चड़दीकला’ के सितारों का पंजाब में भव्य स्वागत
चंडीगढ़/मोहाली, 16 मई : कांस फिल्म फेस्टिवल 2026 के रेड कार्पेट पर पंजाबियत की चमक बिखेरने के बाद पंजाबी फिल्म ‘चड़दीकला’ के कलाकार रूपी गिल और हिम्मत संधु , प्रोड्यूसर गुरकरण व प्रताप ढिल्लों का पंजाब पहुंचने पर एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया।
फिल्म से जुड़े कलाकारों और टीम के सदस्यों के स्वागत के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक, फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोग और शुभचिंतक एयरपोर्ट पहुंचे। ढोल-नगाड़ों और फूलों के साथ कलाकारों का गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
कांस फिल्म फेस्टिवल में रूपी गिल ने पारंपरिक पंजाबी अंदाज में ऑफ-व्हाइट आउटफिट और कुंदन ज्वेलरी पहनकर सभी का ध्यान आकर्षित किया, जबकि हिम्मत संधु भी ट्रेडिशनल लुक में नजर आए। दोनों कलाकारों की मौजूदगी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर पंजाबी संस्कृति और विरासत को खास पहचान दिलाई।
फिल्म ‘चड़दीकला’ की कांस में हुई स्पेशल स्क्रीनिंग को भी शानदार प्रतिक्रिया मिली। फिल्म से जुड़े कलाकारों ने कहा कि यह केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे पंजाब और पंजाबी सिनेमा के लिए गर्व का पल है।
एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए कलाकारों ने कहा कि कांस जैसे प्रतिष्ठित मंच पर पंजाब की संस्कृति, पहनावे और सिनेमा को दुनिया के सामने प्रस्तुत करना उनके लिए बेहद सम्मान की बात है।
प्रशंसकों ने भी कलाकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं।
