वार्ड नंबर-3 में भाजपा का प्रचार अभियान तेज, शक्ति रानी शर्मा और घनश्याम दास अरोड़ा ने भरी जीत की हुंकार
वार्ड नंबर-3 में भाजपा का प्रचार अभियान तेज, शक्ति रानी शर्मा और घनश्याम दास अरोड़ा ने भरी जीत की हुंकार
शक्ति रानी शर्मा और घनश्याम दास अरोड़ा ने वार्ड नंबर-3 में किया जनसंपर्क, भाजपा प्रत्याशियों के लिए मांगे वोट
भाजपा प्रत्याशी सुरेश कुमार वर्मा के समर्थन में उतरे वरिष्ठ नेता, बंगाल जीत की खुशी में बांटे लड्डू और झूमे कार्यकर्ता
कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा और यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने वार्ड नंबर-3 में भाजपा के डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान में भाग लेते हुए स्थानीय नागरिकों से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। दोनों नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनकल्याणकारी नीतियों और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और पंचकूला में भी भाजपा के नेतृत्व में विकास को और गति मिलेगी।
शक्ति रानी शर्मा ने महिलाओं के बीच संवाद करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान को हमेशा प्राथमिकता दी है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे वार्ड नंबर-3 से सुरेश कुमार वर्मा को पार्षद और श्याम लाल बंसल को मेयर पद पर विजयी बनाकर पंचकूला के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
घनश्याम दास अरोड़ा ने कहा कि भाजपा की नीति केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता के विश्वास पर खरा उतरते हुए विकास और सेवा के नए आयाम स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के नेतृत्व में प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से हुए हैं और यही विकास मॉडल पंचकूला को भी नई पहचान देगा।
भाजपा पार्षद प्रत्याशी सुरेश कुमार वर्मा ने कहा कि वार्ड नंबर-3 की जनता का उत्साह और समर्थन यह स्पष्ट कर रहा है कि इस बार भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि वे जनता के विश्वास पर पूरी तरह खरा उतरेंगे, क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करेंगे और विकास कार्यों को नई गति देंगे। उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान कर विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ाने की अपील की।
इस दौरान पश्चिम बंगाल में भाजपा की उल्लेखनीय जीत की खुशी में कार्यकर्ताओं के बीच लड्डू बांटे गए और ढोल की थाप पर जश्न मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
