भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने तेज किया चुनावी प्रचार, मेयर व पार्षद प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से भारी बहुमत की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पंचकूला की जनता से कांग्रेस के समर्थन में वोट की अपील की। उन्होंने कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सुधा भारद्वाज और सभी 20 पार्षद प्रत्याशियों से मुकाकात की व पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पंचकूला निगम चुनाव में कांग्रेस की प्रबल जीत का भरोसा जताया।
हुड्डा ने कहा कि तीनों निगमों के चुनाव कांग्रेस के पक्ष में जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्षों में पंचकूला में कोई विकास नहीं हुआ। सड़कें टूटी हुई हैं और शहर की स्थिति बेहद खराब है। पंचकूला प्रदेश की राजधानी चंडीगढ़ से सटा हुआ शहर है, फिर भी यहां विकास की उपेक्षा हुई है। हुड्डा ने पंचकूला निगम में 160 करोड़ रुपये के घोटाले का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि इस घोटाले में केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि घोटाले को बड़े स्तर पर अंजाम दिया गया है। हुड्डा ने कहा कि भाजपा के मेयर उम्मीदवार के पास ही पहले सड़कों के निर्माण का ठेका था। हुड्डा ने पूछा कि जिसने सड़कें ऐसी बनाई हैं, वह मेयर बनकर क्या विकास कर सकता है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने पंचकूला की मौजूदा समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि यहां पानी निकासी, सीवरेज, सफाई और सीसीटीवी की दुर्दशा सबके सामने है। कांग्रेस निगमों में भ्रष्टाचार समाप्त कर पंचकूला को स्वच्छ, सुंदर और विकसित शहर बनाएगी। महिला आरक्षण पर हुड्डा ने कहा कि बीजेपी केवल बातें कर रही है और इसे परिसीमन के साथ जोड़कर लटका रही है। 2023 में बिल पास होने के बाद 2026 में नोटिफिकेशन किया गया, जिससे भाजपा की नीयत साफ है। कांग्रेस ने निगम चुनाव में 5 में से 4 जगह महिलाओं को उम्मीदवार बनाया है, जबकि बीजेपी ने महिलाओं को टिकट ही नहीं दिए।
